News
Chhattisgarh
Bilaspur Bilaspur बिलासपुर:
राज्य स्तरीय शालेय खेलकूद के तहत यहां आज से 12 सितंबर तक बेसबाल, नेटबाल, बालिका फुटबाल, टेबल टेनिस, तैराकी, वाटरपोलो एवं कराते स्पर्धाएं होंगी। स्पर्धा का उद्घाटन सुबह आदिवासी बालक छात्रावास परिसर जरहाभाठा में हुआ।
मेजबान बिलासपुर के शिक्षा विभाग के अधिकारियों को मालूम था कि पूरे राज्य के 9 खेल जोन से लगभग 15 सौ विद्यार्थी खिलाड़ी, उनके कोच व मैनेजर सहित अन्य स्टाफ यहां आने वाला है। उसके बाद भी उद्घाटन समारोह के लिए मैदान को नहीं सुधरवाया गया।
बारिश की वजह से जरहाभाठा मैदान में पानी, कीचड़ और बड़े-बड़े घास उग आई है। मैदान को आधे से भी कम साफ कराकर उसमें रेत डलवा दी गई थी। जितने मैदान में रेत डला था वह उपस्थित बच्चों के काफी नहीं था। उद्घाटन समारोह में खिलाड़ी छात्र-छात्राओं ने मार्च पास्ट किया तो उसके लिए भी जगह कम पड़ी। कुल मिलाकर सभी ओर अव्यवस्थाओं का आलम रहा।
उद्घाटन समारोह निबटने के बाद दोपहर 2.30 बजे से फुटबाल, नेटबाल एवं बेसबाल के मैच होने थे। मैच प्रारंभ कराने के टाइम पर व्यवस्थापक मैदान से गायब रहे। खोजबीन के बाद सिर्फ नेटबाल की स्पर्धा की हो सकी। शेष मैदानों में खिलाड़ी इधर-उधर भटकते रहे।
तैराकी, टेबल टेनिस के खिलाड़ी तो स्पर्धा आयोजकों को ही ढूंढते रहे। स्वीमिंग पुल पहुंचे तो वहां पर स्पर्धा कराने वाला उन्हें कोई नहीं मिला। टेबल टेनिस के खिलाड़ी बाल भवन ढूंढते दिखाई पड़े। खिलाड़ियों में मैच स्थल का सहीं पता बताने वाला भी कोई नहीं था।