News
Madhya Pradesh
Gwalior Gwalior श्योपुर: नैरोगेज रेल लाइन पर शनिवार की सुबह श्योपुर से ग्वालियर जा रही 662 अप पेसेंजर ट्रेन दुर्गापुरी और खोजीपुरा स्टेशनों के बीच ट्रैक पर एक भैंस से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इसमें इंजन के पहिये पटरी से उतरकर जमीन में धंस जाने के कारण साढ़े चार घंटे रेल यातायात प्रभावित रहा।
श्योपुर से ग्वालियर जा रही 662 अप पेसेंजर आज सुबह 8 बजे के लगभग जब दुर्गापुरी और खोजीपुरा रेलवे स्टेशनों के बीच थी तभी ट्रेक पर अचानक एक भैंस आकर इंजन से टकरा गई। इस दौरान तेज झटके के साथ इंजन के अगले पहिए पटरी से उतर गए।
इससे यात्रियों में थोड़ी देर के लिए भगदड़ सी मच गई। कई सवारियां कूद पड़ी। जिससे उनके हाथ पैर छिल गए। भैंस की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। ट्रेन के दुर्घटनाग्रस्त होने की खबर वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई । उधर घटना की जानकारी मिलने पर सबलगढ़ से श्योपुर आ रही 831 डाउन पेसेंजर ट्रेन को खोजीपुरा स्टेशन पर रोक दिया गया।
रेलकर्मियों ने सवारियों की मदद से इंजन को पटरी पर चढ़ाया। इसके बाद दोपहर ढाई बजे यह ट्रेन ग्वालियर के लिए रवाना हो सकी। जबकि श्योपुर आने वाली रेलगाड़ी खोजीपुरा से ही सबलगढ़ वापस लौट गई। जिसकी वजह से श्योपुर, गिरधरपुर व दुर्गापुरी स्टेशनों पर सबलगढ़ की तरफ जाने के लिए सैकड़ों यात्रियोंको घंटों तक इंतजार करने के बाद आखिरकार अपनी यात्रा स्थगित करनी पड़ी।
खोजीपुरा स्टेशन पर पानी को तरसे यात्री :
खोजीपुरा स्टेशन पर पेयजल की व्यवस्था नहीं होने से सैकड़ा यात्री पानी को तरस गए। यात्रियों की परेशानी को देखते हुए कुछ युवक ढोढर से जीप में रखकर पानी स्टेशन पर लाए और उन्होंने यात्रियों को पानी पिलाया।