HomeNewsMetrosBhopal Bhopal

नोटों के गद्दों पर सोते थे योगीराज

भोपाल:yogi आयकर छापे की जद में आए स्वास्थ्य विभाग के संचालक डॉ. योगीराज शर्मा ने अपने घर में बिस्तर, मसाले के डिब्बों और कपड़ों में रुपए छुपा कर रखे थे। उनके निवास से करीब सवा करोड़ रुपए एवं अन्य ठिकानों से लगभग पचास लाख रुपए नकद मिले हैं। उनकी कमाई का अंदाज इसी बात से लगाया जा सकता है कि उनके घर से नोट गिनने वाली मशीन भी बरामद की गई है।

किसी आयकर छापे के दौरान मप्र- छत्तीसगढ़ में जब्त होने वाली यह अब तक की सबसे बड़ी रकम है। शुक्रवार से शुरू हुई छापे की यह कार्रवाई शनिवार दोपहर तक चली।

15 बैंक लॉकर‍
विभाग के सूत्रों के अनुसार डा. शर्मा और उनके परिजनों के नाम पर सेंट्रल व ओवरसीज बैंक सहित अन्य बैंकों में 15 लॉकर‍ होना पाया गया है।

आयकर विभाग ने शनिवार को यह सभी लाकर अपने कब्जे में लेकर सील करवा दिए, इन्हें सोमवार को खोला जाएगा। इसके अलावा इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल के समीप डा. शर्मा व उनके परिजनों सहित करीबी लोगों के नाम से करीब पचास एकड़ जमीन सहित अन्य स्थानों पर जमीनों की खरीद के दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं। स्वास्थ्य संचालक की संपत्ति का आरंभिक आकलन सोमवार तक हो पाएगा।

छत्तीसगढ़ में फर्जी दवा फैक्टरी‍
सूत्र बताते हैं कि डा. शर्मा के मित्र अशोक नंदा के निवास पर तलाशी के दौरान दो फर्जी दवा फैक्टरियों के दस्तावेज भी मिले हैं। इनमें चार्टर्ड अकाउंटेंट राजेश जैन का पता दिया हुआ है। छत्तीसगढ़ के एक फर्जी दवा कारखाने के नाम पर हाल में सवा तीन करोड़ रुपए का निवेश प्रदर्शित कर टैक्स बचाने की कोशिश की गई तथा दवा सप्लाई के कई आर्डर भी लिए गए।

पत्नी और बच्चे के नाम से जमा होते थे रिटर्न कार्रवाई में शामिल एक अधिकारी के अनुसार डा.शर्मा अपने पुत्र गौरव और पत्नी शशि शर्मा के नाम से आयकर रिटर्न जमा करते थे। विभाग के अधिकारियों द्वारा की गई पूछताछ के दौरान उन दोनों ने स्वीकार कर लिया कि रिटर्न के बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं है। डा. शर्मा के नजदीकी अशोक नंदा के घर से भी पचास लाख रु. नकद जब्त हुए है।

श्री नंदा के निवास से भी एक नोट गिनने की मशीन जब्त की गई। सूत्रों का कहना है कि डा.शर्मा की महिला मित्र मधु शर्मा, उनके साले राजाराम शर्मा, मित्र जयपाल सचदेवा, स्वास्थ्य विभाग के अकाउंटेंट रमाकांत चतुर्वेदी व विभाग के स्टोर कीपर बसंत शाक्ले के निवास से भी बड़ी मात्रा में संपत्ति के दस्तावेज, नगद राशि व अन्य सामग्री जब्त हुई है।

विदेशी मुद्रा भी
डॉ. शर्मा के निवास पर मिली नकदी में करीब छह लाख रुपए की विदेशी मुद्रा भी शामिल है। इनमें थाईलैंड,स्वीडन,अमेरिका, हांगकांग, आस्ट्रेलिया, दुबई और सिंगापुर की मुद्राएं शामिल हैं।

10 करोड़ सरेंडर करने को राजी
बताया जाता है कि पूछताछ के दौरान डा. शर्मा 10 करोड़ रुपए की आय सरेंडर करने को राजी हो गए थे, लेकिन आयकर अधिकारी इस पर राजी नहीं हुए।

क्या-क्या हो सकता है योगीराज के खिलाफ?
डॉ. योगीराज शर्मा के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और विदेशी मुद्रा अधिनियम के साथ सिविल सर्विस कंडक्ट रूल की कार्रवाई हो सकती है। सवा करोड़ रुपए नकदी, जेवरात, परिवार के सदस्यों के नाम संपत्ति, निवेश और साझेदारी के दस्तावेज मिलने के बाद डॉ. शर्मा के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम में आय से अधिक संपत्ति की धारा 13 (1) (ई) मामला बनेगा।

पत्नी और बच्चे के नाम संपत्ति खरीदने, निवेश करने और साझेदारी करने की सूचना विभाग को नहीं देने पर सिविल सर्विस कंडक्ट रूल में विभाग कार्रवाई करेगा। इसमें विभागीय जांच और फिर बर्खास्तगी तक हो सकती है। विदेशी मुद्रा मिलने के कारण योगीराज विदेशी मुद्रा अधिनियम के घेरे में आ सकते हैं।
संदीप गुप्ता, भ्रष्टाचार के मामलों की पैरवी करने वाले वरिष्ठ अधिवक्ता





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: