|
नई दिल्ली. एक शिक्षिका को कथित देह व्यापार की संचालिका बताने वाले एक टीवी चैनल के ‘फर्जी स्टिंग ऑपरेशन’ के संबंध में दिल्ली हाईकोर्ट ने पुलिस से 12 सितंबर तक केस डायरी और संबंधित सबूत पेश करने को कहा है। इस बीच, सोमवार को शिक्षिका उमा खुराना को जमानत दे दी गई।
पुलिस स्टिंग ऑपरेशन करने वाले पत्रकार प्रकाश सिंह और स्कूल की छात्रा बनी लड़की को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। कोर्ट का निर्देश एमिकस क्यूरी एस चंडीओक के यह कहने के बाद आया कि टीवी चैनल के रिपोर्टर के खिलाफ लगे गंभीर आरोपों के मद्देनजर दिल्ली पुलिस द्वारा पूरी खोजबीन की जांच होनी चाहिए।
पांच हजार रुपए के पर्सनल बांड पर उमा खुराना को जमानत देते हुए एडिशनल चीफ मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट आलोक अग्रवाल ने कहा, ‘वह (शिक्षिका) गुनहगार से ज्यादा एक पीड़िता है।’ गौरतलब है कि टीवी चैनल पर स्टिंग ऑपरेशन के प्रसारण के बाद उस स्कूल पर लोगों ने धावा बोल दिया था और तोड़फोड़ के बाद शिक्षिका उमा खुराना को घसीटकर अपमानजनक तरीके से बाहर लाया गया था।
संबंधित खबरें
* रिपोर्टर अपराधी है : लाइव इंडिया संपादक
* स्टिंग आपरेशन गढ़ने वाला पत्रकार गिरफ्तार
* ‘स्टिंग’ ऑपरेशन में दिखाई गई छात्रा फर्जी!