|
चंडीगढ़.पंजाब निगरानी विभाग ने प्रदेश के पूर्व डीजीपी एसएस विर्क के खातों की जांच शुरू कर दी है। विर्क को कल पुलिस ने गिरफ्तार किया था। सूत्रों के मुताबिक विर्क के खातों में करोड़ों का लेने दर्ज है जबकि उन्होंने अपनी वार्षिक आमदनी कुछ लाख रुपए दर्शाई है।
खातों का पूरा विवरण लिया जा रहा है
निगरानी विभाग के अधिकारी विभिन्न बैंकों में विर्क के खाते का पूरा विवरण ले रहे हैं। जिन खातें की जांच की जा रही है उनमें उनके एकल और संयुक्त खाते शामिल हैं। अभीतक निगरानी विभाग ने पूर्व डीजीपी विर्क से पूछताछ शुरू नहीं की है। विर्क को कल नई दिल्ली से गिरफ्तार किया गया था। कोर्ट ने विर्क को दो दिनों के रिमांड पर भेज दिया था।
गंभीर आरोप है विर्क पर
पंजाब पुलिस के पूर्व डीजीपी विर्क पर आय से अधिक संपत्ति रखने, सरकारी पद का दुरुपयोग करने और पूर्व आतंकवादी सुखविंदर सिंह सुखी का बचाव करने का आरोप लगा था।
स्वास्थ्य में सुधार
गिरफ्तारी के तुरंत बाद हाई ब्लड प्रेशर की शिकायत पर विर्क को अस्पताल में भरती कराया गया था। निगरानी विभाग के अधिकारियों ने कहा है कि विर्क के स्वस्थ्य होते ही वह उनसे पूछताछ करेगी। उधर, अस्पताल के सूत्रों ने बताया कि विर्क के स्वास्थ्य में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है।