|
इंदौर:
भजनों की स्वरलहरियों के बीच नाचते-गाते लोग। अहिल्या माता का गगनभेदी जयघोष से गूंजता माहौल। उत्साह से निकलती देवी अहिल्या की पालकी। यह नजारा था सोमवार को गांधी हॉल से निकली देवी अहिल्या माता की पालकी व शोभायात्रा का।
श्री अहिल्या उत्सव समिति द्वारा शाम छह बजे टी.वी. कलाकार स्मृति ईरानी, समिति अध्यक्ष सुमित्रा महाजन, शिक्षा मंत्री लक्ष्मणसिंह गौड़, महापौर डॉ. उमाशशि शर्मा, शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रमोद टंडन, पं. कृपाशंकर शुक्ला सहित अन्य लोगों ने अहिल्या माता का पूजन कर यात्रा की शुरुआत की।
पालकी यात्रा से समूचा क्षेत्र अहिल्यामय हो गया। यात्रा में आगे जहां बैंड-बाजों और भजनों की स्वरलहरियों की गूंज थी वहीं पीछे अश्व पर महापुरुषों की वेशभूषा में युवा सवार थे। अखाड़ों के कलाकार अपनी कला का प्रदर्शन करते चल रहे थे। माता अहिल्या की वेशभूषा में रथ पर एक युवती थी। अंत में देवी अहिल्या माता की पालकी थी जिसके समक्ष लोग शीश नवाते और उनके दर्शन करते चल रहे थे। पालकी से गुलाल-फूल लोग श्रद्धापूर्वक ले रहे थे। वहीं पालकी के नीचे से निकलने की भी लोगों में होड़ थी।
यात्रा में खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के अध्यक्ष सत्यनारायण सत्तन, विधायक अश्विन जोशी, भाजपा नगर अध्यक्ष सुदर्शन गुप्ता, प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता के.के. मिश्रा, सांसद प्रतिनिध तारिक खान, पार्षद जयदीप जैन, पार्षद सोनिया शुक्ला, अनिल बिंदल, नरेंद्र सलूजा, श्याम अग्रवाल सहित अन्य लोग शामिल हुए। यात्रा रामप्याऊ, कृष्णपुरा पुल छत्री, नंदलालपुरा, जवाहर मार्ग, प्रिंस यशवंत रोड, राजबाड़ा होते हुए देर रात को गोपाल मंदिर पहुंची। यहां पर आरती और प्रसाद वितरण के साथ आयोजन का समापन हुआ।
‘उन्होंने धर्म-प्रेम से राज चलाया’
टी.वी. कलाकार स्मृति ईरानी ने पालकी यात्रा के पहले गांधी हॉल में हुए पुण्यस्मृति, पुरस्कार वितरण और गुणीजन सम्मान समारोह में कहा देवी अहिल्या माता ने शस्त्रों के बजाय धर्म और प्रेम से राज चलाया और इसका ही संदेश दिया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों के अलावा एमवाय में नि:स्वार्थ सेवा करने वाले रामचंद्र गौड़ पहलवान का सम्मान भी किया गया।
शिक्षामंत्री लक्ष्मणसिंह गौड़ ने कहा देवी अहिल्या माता का शासन सु-शासन था। स्वागत भाषण अहिल्योत्सव समिति की अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने किया। कार्यक्रम में सुधीर देड़गे सहित अन्य लोगों ने स्मृति को तलवार भेंट की। इस मौके पर महापौर डॉ. शर्मा, रामेश्वर पटेल, पार्षद सुरेश मिंडा विट्ठल राव गावड़े विनिता धर्म सहित अन्य लोग उपस्थित थे। संचालन डॉ. बालकृष्ण पंजाबी ने किया।
यही मंच ऐसा है जिस पर सभी पार्टियों के लोग आपस में गले मिल सकते हैं- स्मृित ने कहा आयोजन में भाजपा- कांग्रेस से जुड़े लोग एक ही मंच पर आए, यही ऐसा मंच है जहां पर सभी पार्टी के लोग खुले आम गले मिल सकते हैं।
अगली बार भले ही अतिथि नहीं पर बेटी के रूप में जरूर आऊंगी- स्मृति ने कहा अगले वर्ष भी कार्यक्रम में जरूर आऊंगी, यदि मुझे अतिथि के रूप में नहीं बुलाया तब भी बेटी के रूप में आऊंगी और कार्यक्रम में शामिल होऊंगी। गांधीहॉल में पुरस्कार वितरण कार्यक्रम के समापन के बाद अंदर हॉल से देवी अहिल्या माता की प्रतिमा स्मृति ईरानी लेकर आईं और पालकी में स्थापित किया।
निगम की ओर से एक लाख का चेक
राजबाड़ा स्थित अहिल्या प्रतिमा पर सुबह महापौर डॉ. शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने माल्यार्पण किया। नगर निगम की ओर से एक लाख रुपए अनुदान का चेक अहिल्या उत्सव समिति की अध्यक्ष श्रीमती महाजन को दिया। कोठारी मार्केट के सामने लगे मंच से शहर कांग्रेस अध्यक्ष श्री टंडन, प्रवक्ता राजेश चौकसे रामेश्वर पटेल, रामलाल यादव, तुलसी सिलावट, छोटे यादव, प्रेम खड़ायता, मुकेश झंझोट, रामगोपाल हार्डिया ने स्वागत किया।
212 शिवलिंग का पूजन हुआ
श्री दत्त माउली सद्गुरु अण्णा महाराज संस्थान द्वारा अहिल्या माता की पुण्यतिथि पर सुबह 5.30 बजे अण्णा महाराज ने राजबाड़ा स्थित अहिल्या प्रतिमा पर पूजन कर माल्यार्पण किया। लोगों ने स्तुतिगान कर आरती की। संस्थान के सत्यनारायण बोहरा और शरद जपे ने बताया 212 पार्थिव शिवलिंग बनाकर पूजन किया गया।