|
भोपाल: सरकार ने बहुकला केंद्र भारत भवन के न्यासी सचिव रामेश्वर मिश्र पंकज का इस्तीफा मंजूर कर लिया है और अब संस्कृति सचिव मनोज श्रीवास्तव को यह जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। मुख्यमंत्री सचिवालय के सूत्रों के मुताबिक इस आदेश पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और संस्कृति मंत्री लक्ष्मीकांत शर्मा ने दस्तखत कर दिए हैं।
अंतिम आदेश एकाध दिन में हो जाएगा। सरकार ने इस विवाद की जांच के लिए एक उच्चस्तरीय समिति का गठन भी किया है। गौरतलब है कि न्यास के अध्यक्ष दया प्रकाश सिन्हा और न्यासी सचिव पंकज के बीच छह महीने चली वर्चस्व की लड़ाई और आरोप-प्रत्यारोपों के बाद न्यासी सचिव पंकज ने तीन अगस्त को अपने पद से इस्तीफा दे दिया था।
उधर, संभावना यह भी व्यक्त की जा रही है कि इस इस्तीफे के बाद अध्यक्ष भी अपने पद से त्यागपत्र दे सकते हैं। सूत्रों के मुताबिक अध्यक्ष सिन्हा ने मुख्यमंत्री को 20 अगस्त को लिखे एक पत्र में कहा है कि सरकार को इस बहुप्रचारित विवाद की जांच करने का हक है।
पत्र में उन्होंने यह भी लिखा है कि यदि मैं दोषी पाया गया तो पद छोड़ने में एक क्षण की देर नहीं करूंगा। सोमवार को सचिव के इस्तीफे पर अध्यक्ष ने ‘नो कमेंट्स’ कहा। अपने अगले कदम का खुलासा करने से भी ‘नो कमेंट्स’ कहकर इनकार कर दिया।