|
जयपुर:
सामाजिक न्याय मंच के अध्यक्ष देवीसिंह भाटी भारी भीड़ की उपस्थिति में सोमवार को भाजपा में लौट आए। प्रदेश पार्टी अध्यक्ष महेश शर्मा, राजस्थान के पार्टी प्रभारी गोपीनाथ मुंडे और मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की मौजूदगी में भाटी ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। पार्टी के कई वरिष्ठ नेता इस मौके पर नदारद रहे।
हालांकि भाटी ने रविवार को संभावना जताई थी कि सवर्ण गरीबों के लिए आरक्षण के बारे में कोई न कोई घोषणा जरूर होगी लेकिन ऐसा हुआ नहीं। मुख्यमंत्री ने कहा- मीणा, गुर्जर सभी अपनी मांगों के लिए केन्द्र पर दबाव बनाएं क्योंकि केन्द्र चाहता है कि राजस्थान में आग लगी रहे। वैसे हमने तय कर लिया कि दिल्ली का दायित्व प्रदेश में नहीं आना चाहिए। प्रदेश प्रभारी मुंडे ने जरूर कहा कि राजस्थान के आर्थिक रूप से पिछड़े सवर्णो को आरक्षण मिलना ही चाहिए।
आरक्षण के लिए लड़ता रहूंगा : भाटी
भाटी ने कहा कि वे ‘वंचित को आरक्षण, आरक्षित को संरक्षण के मुद्दे को नहीं छोड़ेंगे’। भाटी का कहना था कि कांग्रेस विरोधी मानसिकता की वजह से वे भाजपा के ज्यादा करीब महसूस करते रहे हैं। कुछ जातियों में अपने विरोध को लेकर भाटी ने कहा कि उन्होंने आज तक जातियों को जोड़ने का काम किया है, तोड़ने का नहीं।
भाटी ने प्रदेशाध्यक्ष महेशचंद्र शर्मा से कहा, ‘आप राम बनिए, मैं आपका हनुमान बनूंगा।’ गोपीनाथ मुंडे ने कहा कि भाटी असली हनुमान हैं और कांग्रेस की लंका को जला देंगे। अब तो भाजपा में इतने सारे हनुमान आ रहे हैं।
अब इनेलो विधायकों के आगमन की तैयारी
कार्यक्रम में इनेलो विधायक विजय बंसल, कालूराम यादव और बहादुरसिंह गोदारा के भाजपा में शामिल होने की औपचारिक घोषणा की गई, साथ ही मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष और पार्टी महामंत्री रामपाल जाट की ओर से सफाई दी गई कि तकनीकी कारणों से अभी कुछ औपचारिकताएं बाकी हैं।
भाटी के आगमन को लेकर किसने क्या कहा?
>> भाटी के आने से आज मैं गौरवान्वित हूं। मेरे परिवार से लोग जुड़ते चले जा रहे हैं।
वसुंधरा राजे, मुख्यमंत्री
>> यह सार्वजनिक जीवन के श्रेष्ठ कार्यकर्ता की घर वापसी के आनंद का उत्सव है। यह राष्ट्रवादी विचार परिवार का अनुष्ठान है।
महेशचंद्र शर्मा, प्रदेशाध्यक्ष, भाजपा
>> देवीसिंह भाटी डायनमिक पर्सनल्टी हैं। उनके आने से भाजपा बेहद मजबूत होगी। मैं जानता हूं कि पूरे बीकानेर संसदीय क्षेत्र में उनका कैसा असर है।
धर्म्ेद्र, फिल्म अभिनेता व सांसद
एक जुमला ऐसा भी!
>> ये मत कहो कि वसुंधरा जी तुम संघर्ष करो, हम तुम्हारे साथ हैं। कहो, वसुंधरा जी, तुम राज करो, हम तुम्हारे साथ हैं।
महेशचंद्र शर्मा, प्रदेशाध्यक्ष
विरोधियों के छक्के छुड़ा दूंगी
मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की भाषा दिन-ब-दिन तल्ख होती जा रही है। हो कोई माई का लाल तो सामने आए जैसे शब्दों में चुनौती दे चुकीं सीएम ने सोमवार को विरोधियों को फिर ललकारा। उन्होंने कहा पार्टी में इतने लोग आ रहे हैं कि विरोधियों के छक्के छूट जाएंगे। अब विरोधियों को आंखों में धूल नहीं झोंकने दूंगी। विकास के कोई काम नहीं रुकेंगे। इसके लिए पैसे की जरूरत हुई तो दिल्ली की नाक में नकेल डालकर ले आऊंगी।
समारोह में ये नहीं आए
घनश्याम तिवाड़ी, गुलाबचंद कटारिया, मदन दिलावर, नरपतसिंह राजवी, सरकारी मुख्य सचेतक महावीरप्रसाद जैन, सांसद ललितकिशोर चतुर्वेदी, रघुवीरसिंह कौशल, पार्टी के महामंत्री संगठन प्रकाशचंद्र, सतीश पूनिया आदि।
ये आए, लेकिन टिके नहीं
संसदीय कार्य मंत्री राजेंद्रसिंह राठौड़ और जल संसाधन मंत्री सांवरलाल जाट मुख्यमंत्री के साथ मंच पर आए, लेकिन बैठने को कुर्सी नहीं मिली। थोड़ी देर दोनों मंच से नीचे आ गए। बाद में इन्हें फोन करके बुलाया गया। तब मुख्यमंत्री के पीछे भीड़ में खोए-खोए खड़े रहे।