|
नई दिल्ली विकास की दृष्टि से पिछड़ा कहे जाने वाले दक्षिणी हरियाणा की कई बहुप्रतीक्षित परियोजनाओं की आधारशिला रखने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी अक्तूबर के पहले सप्ताह में झच्चर जा रही हैं। इस दिन वे राज्य में करीब 10 हजार करोड़ रुपए की परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगी और पार्टी की एक बड़ी रैली को भी संबोधित करेंगी।
हालांकि श्रीमती गांधी के दौरे का दिन निश्चित किया जाना अभी शेष है लेकिन पार्टी सूत्रों से संकेत मिले हैं कि उनका दौरा छह या आठ अक्तूबर को हो सकता है। श्रीमती गांधी की इस एक दिवसीय हरियाणा यात्रा के दौरान पार्टी के हरियाणा मामलों के प्रभारी जर्नादन द्विवेदी के अलावा रेलमंत्री लालू प्रसाद यादव, बिजली मंत्री सुशील कुमार शिंदे और खाद्य प्रसंस्करण मंत्री सुबोध कांत सहाय भी मौजूद रहेंगे।
इस दिन श्रीमती गांधी झच्चर में करीब 7500 करोड़ रुपए की लागत से स्थापित होने वाले 1500 मैगावाट के थर्मल पावर प्लांट का शिलान्यास करेंगी। रिकार्ड समय में बनकर तैयार होने वाला यह थर्मल प्लांट दक्षिण हरियाणा में अब तक का पहला पावर प्लांट होगा और इसमें बिजली उत्पादन का काम कामनवेल्थ खेलों से पहले शुरू हो जाएगा। साथ ही वे इसी दिन दक्षिणी हरियाणा की सबसे पुरानी मांग रोहतक-झच्चर-रेवाडी रेलवे लाइन की स्थापना के काम की आधारशिला रखेंगी। इसके लिए आधा खर्च राज्य की हुड्डा सरकार वहन कर रही है।
अपनी इस एक दिवसीय हरियाणा यात्रा के दौरान सोनिया गांधी रेवाड़ी-दिल्ली रेलवे लाइन के गेज परिवर्तन के काम का शिलान्यास भी करेंगी। इस लाइन का गेज बदलने की मांग पिछले काफी समय से उठती रही है। साथ ही वे रोहतक-दिल्ली रेलवे लाइन के विद्युतीकरण के काम का नारियल तोड़कर शिलान्यास भी करेंगी। विद्युतीकरण का काम भी कामनवेल्थ खेलों से पहले पूरा किए जाने की योजना है जिसे हाल ही में योजना आयोग व रेल मंत्रालय ने मंजूर किया है। इसके अलावा वे राई में बनने वाले अब तक के सबसे बड़े खाद्य प्रसंस्करण पार्क का शिलान्यास भी करेंगी।
अभी यह तय नहीं है कि सोनिया इन सभी कार्यक्रमों के लिए गुड़गांव, झच्चर, रेवाड़ी, रोहतक और सोनीपत जाएंगी या फिर रिमोट बटन के जरिए ये शिलान्यास किए जाएंगे। अभी यह भी तय किया जाना शेष है कि श्रीमती गांधी की रैली कहां होगी।