|
बटाला 
भारतीय हॉकी टीम की रीढ़ माने जाने वाले बटाला निवासी प्रभजोत सिंह का सुरजीत स्पोट्र्स एसोसिएशन और चीमा हॉकी अकादमी शाहबाद की तरफ से अमृतसर बाईपास पर भव्य स्वागत किया गया। चेन्नई से प्रभजोत सिंह जहाज द्वारा अमृतसर पहुंचे और सड़क रास्ते से बटाला बाईपास पहुंचे। यहां हॉकी खिलाड़ियों एवं प्रशंसकों ने फूल-मालाएं पहनाकर उनका स्वागत किया।
इसके पश्चात प्रभजोत सिंह को सजी-धजी खुली जीप में सवार करके एक विशाल गाड़ियों के काफिले के साथ शहर लाया गया। जीटी रोड, गांधी चौक, सिटी रोड, लक्कड़ मंडी, लोहा मंडी, हंसली पुल से लोगों का अभिनंदन स्वीकार करते हुए प्रभजोत गुरुद्वारा सतकरतारियां पहुंचे। यहां वाहेगुरु का आशीर्वाद लेकर सिनमा रोड, सरकुर्लर रोड व समाध रोड से होते हुए हंसली पुल स्थित सुरजीत सिंह ओलंपियन हॉकी खिलाड़ी के बुत पर पहुंचकर पुष्प मालाएं भेंट की। पंजाब सरकार की तरफ से नायब तहसीलदार परमप्रीत सिंह ने प्रभजोत सिंह का स्वागत किया।
प्रभजोत ने अच्छा प्रदर्शन किया : पिता इस दौरान प्रभजोत सिंह ने कहा कि एशिया कप जीतने के बाद हॉकी टीम के खिलाड़ियों का मनोबल बहुत ऊंचा हुआ है और आने वाले वल्र्ड कप में कड़ी मेहनत करके और अच्छा प्रदर्शन किया जाएगा। इस सीरीज में प्रभजोत ने कुल 15 गोल कर ट्रॉफी जीतने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रभजोत सिंह के पिता सेवा सिंह ने कहा कि प्रभजोत ने शुरू से ही भारतीय टीम के लिए अच्छा प्रदर्शन किया है, जिससे पंजाब के साथ बटाला का भी नाम रोशन हुआ है। इसके पश्चात गाड़ियों का काफिला प्रभजोत सिंह के घर की तरफ रवाना हुआ, जहां पर पहले से ही बहुत से लोग प्रभजोत का इंतजार कर रहे थे।