|
नई दिल्ली. रेल मंत्रालय ने हरियाणा की लंबे समय से चली आ रही दो नई ट्रेन शुरू करने की मांग को आखिरकार हरी झंडी दिखा दी है। मंत्रालय जहां दो लाख से अधिक दैनिक रेल यात्रियों की सुविधा के लिए अक्तूबर माह से रोहतक-दिल्ली के बीच प्रतिदिन सुबह एक एक्सप्रेस ट्रेन चलाने को राजी हो गया है वहीं उसने दिल्ली-रेवाड़ी के बीच अगले माह से नई ट्रेन चलाने को मंजूरी दे दी है।
इस आशय की जानकारी सोमवार सुबह उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक श्रीप्रकाश ने रोहतक के सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा को एक बैठक में दी। हुड्डा का मानना था कि रोहतक व रेवाडी न केवल एनसीआर क्षेत्र के महत्वपूर्ण जिले हैं बल्कि ये तेजी से औद्योगिक गतिविधियों का केंद्र भी बनते जा रहे हैं। चूंकि दोनों जिलों से प्रतिदिन लाखों लोग दिल्ली आते हैं इसलिए उनकी सुविधा के लिए नई ट्रेनें चलाया जाना जरूरी है।
दीपेंद्र ने रेलवे महाप्रबंधक को इस बारे में रेल मंत्री से अपनी बातचीत का ब्यौरा भी दिया जिसमें लालू ने उनसे नई ट्रेन चलाने का वायदा किया था। इस पर रेलवे के अधिकारियों ने रोहतक और दिल्ली के बीच अक्तूबर माह से नई एक्सप्रेस ट्रेन चलाने की मांग मंजूर होने की जानकारी दी। प्रतिदिन सुबह चलने वाली यह ट्रेन 70 किलोमीटर लंबे रूट पर कुछ चुनिंदा स्थानों पर ही रूकेगी जिससे दैनिक रेल यात्रियों के लिए सफर की अवधि घटकर आधी रह जाएगी। इसी तरह रेवाड़ी-दिल्ली के बीच भी नई ट्रेन चलाने की मांग को रेलवे ने स्वीकार कर लिया।
दीपेंद्र ने एनसीआर क्षेत्र के तीन जिलों रोहतक, सोनीपत और फरीदाबाद-दिल्ली के बीच महिलाओं के लिए विशेष ट्रेन चलाने तथा सिरसा एक्सप्रेस ट्रेन में डिब्बों की संख्या बढ़ाए जाने की भी मांग की। महाप्रबंधक से मुलाकात के बाद दीपेंद्र ने कहा कि वे जल्दी ही रेल मंत्री से मिलकर नई ट्रेन मंजूर करने के लिए उनका धन्यवाद करेंगे।