|
जयपुर:
भादों के बादल श्रीगंगानगर और शेखावटी में जमकर बरसे। सीकर में सोमवार एक घंटे तक मूसलाधार बरसात हुई। इससे निचले इलाकों में पानी भर गया। श्रीगंगानगर जिले में सोमवार की शाम मूसलाधार बारिश हुई। बारिश से पहले तेज अंधड़ से जनजीवन प्रभावित हुआ।
भाखड़ा सिंचाई परियोजना की एसडीएस वितरिका और बीएनडब्ल्यू माइनर में सोमवार रात कटाव आ गया। जिससे आसपास के क्षेत्र में पानी भर गया। सादुलशहर तहसील के बुधरवाली गांव के आसपास ओले गिरने का भी समाचार है। आंधी से कई पेड़ उखड़ने के भी समाचार हैं। शेखावाटी में मौसम का मिजाज मिलाजुला रहा।
सीकर में बादल एक घंटे तक बरसे वहीं चूरू व सरदारशहर में भी बरसात हुई। झुंझुनू की उदयपुरवाटी तहसील में अच्छी बरसात हुई। जयपुर में बादल छाए रहे, लेकिन बरसे नहीं। शाम को बूंदाबांदी होकर रह गई। आगामी चौबीस घंटों में कहीं-कहीं बरसात हो सकती है।