|
अजमेर:
गणतंत्र दिवस पर प्रदेशस्तरीय समारोह अजमेर में होगा। ब्रिटिश शासनकाल में देश के प्रमुख केंद्र और अलग राज्य रहे अजमेर के इतिहास में आजादी के बाद यह पहला अवसर है, जब उसे गणतंत्र दिवस के राज्यस्तरीय मुख्य समारोह की मेजबानी का अवसर मिला है। मंत्रिमंडलीय सचिवालय की ओर से इस बाबत जारी आधिकारिक आदेश सोमवार को स्थानीय प्रशासन को मिल गया है।
आदेश के मुताबिक, अजमेर के संभागीय आयुक्त दीपक उप्रेती को समारोह का नोडल अफसर बनाया गया है। संभागीय आयुक्त को कार्यक्रम की रूपरेखा तय करने और सरकार को प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए गए हैं।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने पिछले दिनों किशनगढ़ में आयोजित भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में राज्यस्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह का आयोजन अजमेर में करवाने के संकेत दिए थे। इसी संभावना के मद्देनजर सार्वजनिक निर्माण विभाग के प्रमुख सचिव सीएस राजन ने शहर की बदहाल सड़कों की दुरुस्त और सौन्दर्यन के लिए अजमेर में विभिन्न महकमों की बैठक ली थी।