Breaking News 
bhaskar Web English


HomeNewsChhattisgarhRaipur Raipur

छात्राओं के कपड़े उतरवाए

पत्थलगांव: जशपुर जिले के बुलडेगा स्थित आदिम जाति कल्याण विभाग के कन्या आश्रम में पांच छात्राओं के साथ छेड़छाड़ और अश्लील हरकतें करने का मामला सामने आया है। कोतबा पुलिस ने इस मामले में आश्रम अधीक्षिका के भाई और दो चौकीदारों को गिरफ्तार किया है।

घटना के बाद से आश्रम अधीक्षिका फरार है। बताया जाता है कि कन्या आश्रम की अधीक्षिका मंदरा नारंग ने अपनी अनुपस्थिति में आश्रम की देखरेख की जिम्मेदारी अपने भाई पन्नालाल सक्सेना को सौंपी थी।

बताते हैं कि रविवार की रात को पन्नालाल ने आश्रम के चौकीदारों पुरुषोत्तम चौहान व बुटूराम की मदद से पांच छात्राओं को एक कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद तीनों ने उनके कपड़े उतरवा कर अश्लील हरकतें कीं।सुबह इस घटना की जानकारी जब ग्रामीणों को हुई, तो उन्होंने छात्राओं से पूछताछ की।

घटना में आश्रम अधीक्षिका के भाई के शामिल होने की जानकारी मिलने पर ग्रामीणों ने पहले तो उसे जमकर पीटा, फिर कोतबा पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने धारा 354, 34, 515 के तहत कार्रवाई कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पत्थलगांव ब्लाक शिक्षा अधिकारी अजय सिंह ने बताया कि इस मामले में आश्रम अधीक्षिका के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई के लिए उच्च अधिकारियों के पास प्रतिवेदन भेज दिया गया है।

अन्य आश्रमों से भी शिकायतें
जनपद सदस्य सुखल साय ने बताया कि आश्रम स्कूल बुलडेगा में हुई इस घटना के बाद क्षेत्र में असंतोष है। उन्होंने कहा कि कोतबा व आसपास के अन्य आश्रम स्कूलों में भी इस तरह की शिकायतें मिली हैं।

>> अभी तक मुझे कोई जानकारी नहीं मिली है। यदि ऐसी कोई घटना हुई है, तो कठोर कार्रवाई की जाएगी।
बीके राजपूत, सहायक आयुक्त

>> मुझे जानकारी नहीं है, पर मामले की पूरी जानकारी मिलने के बाद दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
डीडी सिंह, कलेक्टर-जशपुर

>> जशपुर में तीन माह के भीतर इस प्रकार की चार घटनाएं हो चुकी हैं। भाजपा सरकार के कार्यकाल में आदिवासी लड़कियां भी सुरक्षित नहीं हैं। 8 -10 साल की लड़कियों का यौन शोषण हो रहा है। यह आदिवासी विरोधी सोच का परिणाम है।
अजीत जोगी, सांसद





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: