|
जालंधर : पंजाब एंड चंडीगढ़ कॉलेज टीचर्स यूनियन (पीसीसीटीयू) जालंधर यूनिट ने पंजाब सरकार के खिलाफ अपनी मांगों को लेकर केएमवी के बाहर धरना दिया। यूनियन के जिला प्रधान डॉ. तेजिंदर विरली ने कहा सरकार टीचर्स की मांगों को पूरा नहीं कर रही है। इससे टीचर्स के साथ-साथ स्टूडैंट्स का भी नुकसान हो रहा है। उन्होंने 5 हजार रुपए पर की जा रही ठेके पर भर्ती की भी निंदा की।
केएमवी की प्रिंसीपल डॉ. ऋता बावा ने भी सरकार को अध्यापकों की मांगें जल्द पूरा करने के लिए कहा। उन्होंने केएमवी का हर तरह से यूनियन के साथ होने का आश्वासन भी दिया। यूनियन के जनरल सैक्रेटरी डॉ. कुलदीप सिंह ने कहा कि सरकार चुनाव मैनीफैस्टो में किए गए वादों को पूरा न करके पंजाब से शिक्षा को खत्म करना चाहती है। उन्होंने प्राइवेटाइजेशन का विरोध करते हुए कहा सरकार उच्च घरानों के फायदों के लिए शिक्षा की मंडी लगा रही है जिस कारण स्टूडैंट का नुकसान हो रहा है। एआईफक्टो के नैशनल जनरल सैक्रेटरी डॉ. वीके तिवारी ने टीचर्स अध्यापकों को अपने हकों की रक्षा के लिए इस संघर्ष को उग्र करने को कहा।
गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी एरिया सैक्रेटरी डॉ. मुख्तयार सिंह ने जेल भरो आंदोलन के तहत टीचर्स को आगे आने क ा आमंत्रण दिया। नॉन टीचिंग यूनियन के प्रधान गुरदयाल सिंह ने भी इन मांगों को जल्द पूरा करवाने के लिए टीचिंग यूनियन का साथ देने को कहा। 5 सितंबर को चंडीगढ़ में गिरफ्तार हुए प्रो. गोपाल सिंह बुट्टर, प्रो. क मलदीप सिंह और प्रो. सुखदेव सिंह को रिहा होने पर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर प्रो. विनीत मेहता, प्रो. अनूप वत्स, प्रो. दविंदर दीप, प्रो. महिंद्रू, प्रो. संदीप विज, प्रो. गुरजोत कौर, प्रो. गुरदेव सिह और प्रो. गुरमेज सिंह मान ने भी अपने विचार रखे। उधर, स्टूडैंट्स भी टीचर्स के समर्थन में आ गए हैं।
डीएवी कॉलेज के स्टूडैंट्स ने टीचर्स की मांगें न माने जाने के खिलाफ गुरजोत समरा की अध्यक्षता में कॉलेज में धरना दिया व रोष रैली निकाली। समरा ने कहा कॉलेजों में स्ट्राइक की वजह से स्टूडैंट्स की पढ़ाई का नुकसान हो रहा है। स्टूडैंट्स ने सरकार से मांग की है कि टीचर्स की जायज मांगें जल्द पूरी की जाएं ताकि स्टूडैंट्स के पढ़ाई में हो रहे नुकसान को रोका जा सके। इस मौके पर पवन, रवि, अजयपाल, लाडी धालीवाल, राहुल, भरत मौजूद थे।