केकड़ी/सूरजपुरा:
रामदेवरा से लौट रहे जातरुओं से भरे जुगाड़ को सोमवार रात अजमेर-कोटा मार्ग पर ओवरटेक कर रही रोडवेज बस ने टक्कर मार दी, जिसमें पांच महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में 23 अन्य ग्रामीण जख्मी हुए हैं, जिनमें से आठ गंभीर जख्मियों को अजमेर के जेएलएन अस्पताल और 15 घायलों को केकड़ी के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
चार दिन के भीतर जिले में यह दूसरा बड़ा हादसा है। शुक्रवार तड़के ट्रेलर और जातरुओं के जुगाड़ में हुई भिड़ंत में भी पांच लोग मारे गए थे। परिवहन महकमे ने प्रारंभिक जांच में बस ड्राइवर को हादसे के लिए जिम्मेदार माना है।
हादसे का शिकार हुए जातरू केकड़ी उपखंड के भराई, छोटा शाहपुरा और देवखेड़ा गांव के निवासी हैं। पुलिस के अनुसार हादसा सोमवार रात करीब दो़ बजे गोयला गांव स्थित गैस गोदाम के नजदीक हुआ।
जख्मियों ने बताया कि जुगाड़ गाड़ी में 32 जातरू रामदेवरा से गांव लौट रहे थे। गोयला गांव के नजदीक जुगाड़ का फैनबेल्ट टूट गया। ड्राइवर उसे साइड में खड़ा करने की तैयारी ही कर रहा था कि अजमेर से बूंदी जा रही रोडवेज बस ने तेज रफ्तार से ओवरटेक करते समय जुगाड़ को पीछे से टक्कर मार दी। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि जुगाड़ में सवार कई लोग हवा में उछल कर नीचे जा गिरे। दो सवार तो उछलकर बस के आगे के कांच में घुस गए। जुगाड़ पलट गया और उसके परखच्चे उड़ गए।
हादसे में भराई गांव निवासी शायरी (35) पत्नी कालू बैरवा, न्याली (30) पत्नी सीताराम, छोटा शाहपुरा निवासी रोड़ी (28) पत्नी कालूराम, देवखेड़ी निवासी रूपा (40) पत्नी रायचंद भील और छोटा शाहपुरा निवासी तन्या (36) पत्नी रामदेव बैरवा की मौके पर ही मौत हो गई।
गोयला हादसे की जांच होगी :
23 जख्मियों में से गंभीर आठ लोगों को जेएलएन अस्पताल और बाकी 15 को केकड़ी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलने पर डीएसपी सरिता सिंह मय जाप्ता मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। मंगलवार सुबह एसपी एस सेंगाथिर ने भी मौके का दौरा किया।