फिरोजपुर :प्रेमी के प्यार में अंधी नवविवाहिता ने पति समेत ससुराल के सभी लोगों को मारने की नीयत से सब्जी में जहर मिलाकर खिला दिया। जहर के असर से परिवार के सदस्य बेहोश होकर गिरने लगे तो आरोपी फरार हो गई।
आरोपी सुरजीत कौर के पति हरमेश सिंह, जेठानी अमरजीत व ननद निर्मला की हालत चिंताजनक बनी हुई है। घटना के शिकार सभी लोगों को यहां के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
हरमेश का भाई बख्शीश, मां जमना, उसका दामाद रमेश व दो बहनें बिमला रानी व परमजीत कौर खतरे से बाहर हैं। पठानावाला झुग्गे निवासी स्व: दौलत सिंह के बड़े बेटे बख्शीश ने बताया कि उसके छोटे भाई हरमेश की शादी एक माह पहले गांव मत्तड़ हिठाड़ की सुरजीत के साथ हुई थी।
उन्होंने बताया कि शादी के पांच दिन बाद ही दुल्हन अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई थी। पंचायत ने राजीनामा करवा दिया और हम लड़की को दोबारा अपने घर ले आए। तभी से सुरजीत हमें धमकियां देती थं कि या तो वह खुद जहर खा लेगी यह वह हम सबको जहर देकर खत्म कर देगी।
सोमवार की रात उसने खाना बनाया और बारी-बारी से सभी को खाना परोस दिया। खाना खाने के कुछ समय बाद ही परिवार के कुछ लोग बेहोश हो गए और कुछ लोगों को उल्टियां होने लगी। हालत गंभीर देख सुरजीत घटनास्थल से फरार हो गई।
रोगियों का उपचार कर रहे डाक्टर ए.बी. सिंह का कहना है कि इस सारे मामले की मैडिकल रिपोर्ट थाना गुरुहरसहाय पुलिस को भेज दी गई है। पीड़ितों को कैसा जहर दिया गया है इसका खुलासा मैडिकल रिपोर्ट आने के बाद होगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।