अजमेर:
फिल्म और छोटे परदे की चर्चित अभिनेत्री संध्या मृदुल मानती हैं कि आज के नौजवान ज्यादा क्रिएटिव और प्रतिभावान हैं, उन्हें सही दिशा मिल जाए तो सोने पर सुहागा हो जाए। संध्या नौजवानों और बच्चों की टेलीविजन के लिए दीवानगी पर भी नियंत्रण की पक्षधर हैं। उनका तर्क है कि टीवी पर देखने के लिए सलेक्टिव होना चहिए।
फिल्मों और टीवी पर नई पीढ़ी की प्रतीक बनी अभिनेत्री संध्या मृदुल ने ‘भास्कर’ को बताया कि आज नौजवान टेलेंट और कड़ी मेहनत के बल पर कॅरिअर बना कर बड़ा मुकाम पा सकते हैं। उनके सामने फिल्म और टीवी के अलावा भी बेशुमार फील्ड हैं। लेकिन बिना मेहनत किए नौजवान प्रसिद्धि पाना चाहते हैं, यह संभव नहीं है।
संध्या ने कहा, कि नौजवान और बच्चे टेलीविजन कार्यक्रमों के दीवाने हैं। इस दीवानगी से भटकाव जरूर शुरू हो गया है। बच्चों को अधिक टीवी देखने से रोकने के लिए पेरेंट्स को ही आगे आना पड़ेगा। कुछ चुने हुए प्रोग्राम तक उन्हें सीमित रखकर उन्हें उनके लक्ष्य के बारे में बताने की जरूरत है। युवाओं और बच्चों को भी टीवी शो से अधिक पढ़ाई और कॅरिअर को प्रमुखता देनी होगी।
नई फिल्में जल्द
संध्या ने बताया कि वे जल्द ही नई फिल्मों में नजर आएंगी। पेज-थ्री के बाद चौकी, वाया दार्जिलिंग, ग्रेट इंडियन, इंडियन बटर फ्लाई और डीवीडी उनकी आने वाली फिल्में हैं। इनके अलावा उनका टीवी शो झलक दिखला जा भी जल्द ही शुरू होने वाला है।