उदयपुर: मोहनलाल सुखाड़िया यूनिवर्सिटी के एफएमएस (फेकल्टी ऑफ मैनेजमेंट) कॉलेज में एमबीए के लिए फीस के लाखों रुपए लिए जाने के बाद भी छात्रों को वादे के मुताबिक न तो लैपटॉप दिया और न ही विदेश का टूर कराया गया है। छात्र अपने को ठगा सा महसूस कर रहे हैं।
एफएमएस कॉलेज में एमबीए के सर्विस सेक्टर मैनेजमेंट के छात्रों को कॉलेज द्वारा लैपटॉप देने तथा कोर्स के दौरान विदेश में इंडस्ट्रियल टूर कराने का भी प्रावधान है। इसका कॉलेज की विवरणिका में भी उल्लेख है। दो वर्षीय डिग्री कोर्स के लिए प्रति छात्र डेढ़ लाख रुपए की फीस चार किश्तों में (३6 हजार 500 रुपए प्रति सेमेस्टर) ली जाती है। इस वर्ष प्रवेश लेने वाले छात्रों की बात तो दूर, पिछले साल के छात्रों को भी आज तक लैपटॉप नहीं दिया गया है। पिछले साल 51 छात्रों के प्रवेश हुए थे जो वर्तमान में द्वितीय वर्ष (सीनियर) में हैं। इस वर्ष प्रथम वर्ष में 52 छात्रों के प्रवेश हुए हैं।
सीनियर छात्रों ने बताया कि गत वर्ष प्रवेश के समय कॉलेज प्रशासन द्वारा दो माह के भीतर ही लैपटॉप दिए जाने व कोर्स के दौरान एक इंडस्ट्रियल टूर विदेश में कराने की बात कॉलेज प्रशासन द्वारा कही गई थी। दूसरा साल शुरू होने के बाद भी दोनों वादे आज तक पूरे नहीं किए गए हैं। इस संबंध में कॉलेज प्रशासन से बात की जाती है तो कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया जाता है, यूनिवर्सिटी में जाते हैं तो कॉलेज में पूछने को कहा जाता है। इस संबंध में वे कुलपति कमिश्नर राजेश्वर ंिसंह से भी मिलेंगे।
सर्वाधिक फीस सुविवि में छात्रों ने बताया कि एमबीए (बिजनेस मैनेजमेंट सेक्टर) की फीस सुविवि में सर्वाधिक है।
एफएमएस कॉलेज के निदेशक प्रो. पीके जैन से बातचीत
छात्रों को लैपटाप देने में देर क्यों हुई?
-पूर्व में एक पार्टी को आर्डर दिया गया था, लेकिन बाद में उसने लैपटाप देने से मना कर दिया। चार दिन पहले ही दूसरी पार्टी को आर्डर दिए गए हैं।
लैपटॉप कब तक मिल जाएंगे?
-कोशिश करेंगे जल्द से जल्द मिलें।
क्या छात्रों को विदेश ले जाने की बात कही गई?
-हां
फिर उन्हें क्यों नहीं ले जाया गया?
-इसके लिए यूनिवर्सिटी से बजट नहीं मिला। इसके अलावा कई छात्रों के वीजा नहीं बने इसलिए ट्यूर नहीं बना।
फीस में विदेश ट्यूर का फंड भी शामिल है?
-नहीं फीस में यह शामिल नहीं है।