अलवर:
शहर में कचहरी रोड पर स्थित एक निजी स्कूल की रेलिंग पर 11 हजार केवी की बिजली लाइन गिरने से स्कूल के चार बच्चे झुलस गए। इनमें तीन छात्राएं व एक छात्र शामिल हैं। हादसे के शिकार हुए विद्यार्थियों को अलवर के चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। हादसा बिजली लाइन में स्पार्किग से हुआ। सभी बच्चे खतरे से बाहर हैं। कचहरी रोड स्थित ट्रांसफार्मर की लाइन सांदीपन उच्च माध्यमिक विद्यालय की बिल्डिंग के पास है।
मंगलवार सुबह करीब साढ़े दस बजे लंच के दौरान स्कूल के कुछ छात्र पहली मंजिल पर बनी लोहे की रेलिंग के पास आकर खड़े हो गए। इसी दौरान बिल्डिंग के समीप से जा रही बिजली लाइन में स्पार्किग के साथ तेज धमाका हुआ। बिजली का तार टूट कर रेलिंग से टकराता हुआ सड़क किनारे गिर गया। हादसे में नई सड़क निवासी ८वीं की छात्रा पायल (१४), लादिया मोहल्ला निवासी १२वीं की छात्रा प्रियंका (१५) गुप्ता, घोड़ाफेर चौराहा के समीप निवासी ११वीं का छात्र यतेन्द्र (१६) और सागर ऊपर मोहल्ला निवासी ११वीं की छात्रा प्रियंका गुर्जर (१६) झुलस गए।
घटना के बाद बच्चों में हड़कंप मच गया। बच्चों का शोर सुनकर स्कूल के आसपास स्थित दुकानदारों व राहगीरों की भीड़ भी यहां जुट गई। बाद में फीडर से लाइन कटवाकर बच्चों को अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे की सूचना के बाद पुलिस व प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।
हो सकता था बड़ा हादसा
ट्रांसफार्मर व पोल के बीच टूटा बिजली का तार रेलिंग से टकराकर यदि गिरता नहीं तो एक बड़ा हादसा हो जाता। पुलिस उपाधीक्षक डॉ.लालचन्द कायल ने बताया कि टूटा तार यदि रेलिंग पर अटक जाता तो करंट की चपेट में कई बच्चे आ जाते।