Manoranjan
Cinema
Bollywood Bollywood
बॉलीवुड के 'शहंशाह' अमिताभ बच्चन और 'बादशाह' यानी शाहरुख खान इस दिवाली पर आमने-सामने होंगे। शाहरुख अभिनीत 'ओम शांति ओम' और अमिताभ की 'गंगोत्री' 9 नवंबर यानी दिवाली के दिन ही रिलीज होंगी।
'ओम शांति ओम' के दिवाली पर रिलीज होने की तो काफी समय से चर्चा थी लेकिन अब अमिताभ बच्चन के मेकअप मैन रहे दीपक सावंत ने घोषणा की है कि उनकी अमिताभ अभिनीत फिल्म 'गंगोत्री' भी नौ नवंबर को ही रिलीज होगी।
सावंत का इस बारे में कहना है- 'इसे ओम शांति ओम के साथ रिलीज करने में मुझे कोई परेशानी नजर नहीं आती। जैसे शाहरुखजी का नाम है, वैसे अमितजी का भी नाम है। अमितजी कोई कम तो नहीं।' सावंत मानते हैं कि मल्टीप्लैक्स के इस जमाने में संजय लीला भंसाली की 'सांवरिया' समेत तीनों फिल्में दिवाली पर एक ही साथ प्रदर्शित की जा सकती हैं।
अब यह दर्शकों पर निर्भर करेगा कि वे कौन सी फिल्म देखना चाहते हैं। उन्हें लगता है कि 'ओम शांति ओम' और 'सांवरिया' के हाउसफुल होने की स्थिति में दर्शक
उनकी फिल्म देखने जरूर आएंगे या इसका उल्टा भी हो सकता है। सावंत के मुताबिक 'गंगा' की रिलीज पर ऐसा हो चुका है। 'गंगा' प्रदर्शित करने वाले थिएटर पहले से हाउसफुल हो गए और इसके बाद लोगों ने 'डॉन' की ओर रुख किया। इत्तेफाक से 'डॉन' और 'गंगा' भी पिछली दिवाली को साथ ही रिलीज हुई थीं।
अब जबकि दीपक सावंत भी अपनी फिल्म को दिवाली पर रिलीज करने का मन बना चुके हैं। ऐसे में यह देखना रोचक होगा कि शाहरुख की 'ओम शांति ओम' और अमिताभ की 'गंगोत्री' में से बॉक्स ऑफिस पर किसकी जीत होती है। या फिर 'दो की टक्कर में तीसरे का फायदा' की तर्ज पर संजय लीला भंसाली की 'सांवरिया' बाजी मार लेगी।