Manoranjan
Cinema
Hollywood Hollywood हॉलीवुड एक्ट्रेस पेरिस हिल्टन भले ही कितने विवादों में रही हों, लेकिन उनके पशु प्रेम के चर्चे भी चारों ओर हैं। पेरिस को जानवरों से इतना प्यार है कि उन्होंने अपने घर में
ही कई सारे जानवर पाल रखे हैं। घर के एक हिस्से को उन्होंने जू की शक्ल भी दे रखी है और इनकी देखभाल के लिए बाकायदा एक कर्मचारी भी है, जो इन पशुओं को समय का पूरा ध्यान रखते हुए खाना खिलाता है। साथ ही वह उनके दुख दर्द का ध्यान भी रखता है।
यही नहीं पेरिस खुद भी इनकी देखभाल करती हैं और अपने व्यस्त शेड्यूल में से इनके लिए भी वक्त निकालती हैं। पेरिस के होम मेड जू में कुत्ते, बिल्लियां, खरगोश, बंदर और कई सारे जानवर हैं। उन्होंने इन सभी को पूरे घर में घूमने-फिरने की छूट दे रखी है और ये जानवर जब चाहे तब पेरिस के घर में ड्राइंग रूम से बेडरूम तक चक्कर लगा सकते हैं।
वे कहती हैं कि जानवर उन्हें इतने प्यारे लगते हैं कि वे खाली समय में इन्हें अपने साथ ही रखती हैं। कुत्ते और बिल्ली तो हमेशा ही घर में उनके आगे पीछे घूमते रहते हैं, लेकिन बंदरों को वे दूर से ही प्यार करती हैं, क्योंकि ये शरारती ज्यादा होते हैं। उनके इस शौक ने उन्हें मुसीबतों में भी डालने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। वर्ष 2005 में कैलिफोर्निया की एनिमल अथॉरिटी ने उन्हें एक जानवर के कारण मुश्किलों में डाल दिया था।
पेरिस को लॉस-वेगास की ट्रिप के दौरान एक जानवर किंगाजू इतना पसंद आया कि वह उसको अपने घर ले आई थीं। तब अथॉरिटी के निर्देश पर उन्हें किंगाजू को वापस जंगल में छोड़ने के लिए बाध्य होना पड़ा था।