उदयपुर:
बोहरवाड़ी में स्थित मोइयदपुरा की मस्जिद में मंगलवार शाम को नमाज के दौरान यूथ व शबाब गुट की महिलाएं आपस में उलझ गई। इससे कुछ देर के लिए माहौल गर्मा गया। पुलिस ने समझा कर माहौल शांत किया।
रमजान माह की पूर्व संध्या पर मंगलवार शाम को मोइयदपुरा मस्जिद में मगरीब की नमाज से पूर्व यूथ व शबाब गुट की महिलाओं के बीच जगह को लेकर विवाद हो गया। यूथ गुट की बतुलबाई पत्नी सैफुद्दीन मिठाईवाला व सुगरा बाई ने आरोप लगाया उनके गुट की करीब 12 महिलाएं नमाज अदा करने के लिए मस्जिद में गई, जहां जगह को लेकर शबाब गुट की महिलाओं ने मारपीट कर उन्हें मस्जिद से बाहर निकाल दिया।
इधर, शबाब गुट की महिलाओं का कहना था कि देर से पहुंची 12 महिलाएं अलग से स्थान दिए जाने की मांग कर रही थी। उनकी मांग थी कि मस्जिद में दो सफ (लाइन) अलग बनाई जाए, जो कि गलत है। सूचना मिलने पर धानमंडी थानाधिकारी परबतसिंह, घंटाघर के सब इंस्पेक्टर सुनील कुमार टेलर जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस लाइन से भी वहां पर महिला व पुरुष कांस्टेबल का जाब्ता पहुंचा, जिन्होंने समझाइश कर माहौल शांत किया।
* यूथ गुट की महिलाएं बेवजह विवाद कर रही है। मस्जिद में अलग से जगह दिए जाने की मांग वाजिब नहीं है। यह खुदा का घर है और जो पहले आता है, वह पहले नमाज अदा करता है।
—डॉ. बी. मूमिन व अली असगर मगर
* एडीएम (सिटी) राजीव जैन व एएसपी (सिटी) राजेंद्रसिंह ने दोनों गुटों के प्रतिनिधियों को बुलाकर सुप्रीम कोर्ट के आदेश के तहत दोनों पक्षों द्वारा नमाज अदा करने तथा शांति बनाकर रखने को कहा था लेकिन, शबाब गुट की महिलाओं ने यूथ की महिलाओं के साथ मारपीट की। पुलिस प्रशासन को चाहिए कि नमाज के दौरान पर्याप्त पुलिस बल तैनात रखे, जिससे माहौल न बिगड़े।
—आबिद अदीब, अध्यक्ष, दाउदी बोहरा यूथ जमात
* यूथ व बोहरा समाज के प्रतिनिधिमंडल को बुलाकर मोइयदपुरा मस्जिद में शांतिपूर्वक नमाज अदा करने को कहा गया। नमाज के दौरान कुछ महिलाओं में झड़प हो गई थी। माहौल बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
—राजेंद्रसिंह, एएसपी (सिटी)