News
International International जकार्ता: बुधवार को आए जोरदार भूकंप के बाद जारी अलर्ट को इंडोनेशिया ने कुछ घंटों के बाद वापस ले लिया। भारतीय समयानुसार दोपहर 4:40 बजे आए 7.9 तीव्रता के भूकंप ने इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता को हिलाकर रख दिया था। भूकंप के झटके पड़ोसी देशों सिंगापुर, थाईलैंड में भी महसूस किए गए। कुछ देर बाद जाम्बी कस्बे में 6 तीव्रता का भूकंप का झटका दर्ज किया गया। दिसंबर 2004 में भारी तबाही मचाने वाले भूकंप के बाद यह इंडोनेशिया में भूकंप का सबसे बड़ा झटका है। भूकंप के झटके की तीव्रता को देखते हुए भारत में भी गृह मंत्रालय ने सभी तटीय इलाकों में भी सुनामी अलर्ट जारी कर दिया था।
अमेरिकी जियोलॉजिकल सर्वे के अनुसार भूकंप का केंद्र दक्षिण सुमात्रा इलाके के बेंगकूलू कस्बे के करीब समुद्र में सतह से 15.6 किलोमीटर नीचे था। प्रशांत महासागर के सुनामी चेतावनी केंद्र ने भूकंप की तीव्रता को देखते हुए तत्काल सुनामी अलर्ट जारी कर दिया था।
इससे पहले 26 दिसंबर 2004 को आए इसी किस्म के भूकंप के बाद आई सुनामी लहरों ने भारत के दक्षिण पूर्वी तटीय इलाकों में भारी तबाही मचाई थी। तब एशिया में दो लाख से भी लोगों को जान गंवानी पड़ी थी। भारत में 12 हजार से ज्यादा लोग मारे गए थे। अक्सर भूकंप आने के कारण इंडोनेशिया को ‘रिंग ऑफ फायर’ भी कहा जाता है।