जालंधर : 'पंजाब के पूर्व डीजीपी एसएस विर्क के खिलाफ उनके इशारे पर कार्रवाई नहीं हो रही है और न ही उनकी सरकार विजिलैंस को इस मामले में निर्देशित कर रही है।' यह बात मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने मंगलवार को आदमपुर के नजदीक गांव ख्याला में पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कही।
बादल यहां संत बाबा भाग सिंह यूनिवर्सिटी का नींव पत्थर रखने पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने विर्क की गिरफ्तारी को लेकर पूछे गए अन्य सवालों का कोई जवाब नहीं दिया। उन्होंने बस इतना कहा, मामले की विजिलैंस जांच जारी है।
उनका कुछ बोलना जांच को प्रभावित कर सकता है। जो होगा कानून मुताबिक होगा और अवैध काम के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
तीन सौ कैट्स में से केवल सुक्खी के खिलाफ कार्रवाई की वजह भी बादल नहीं बता सके। अन्य कैट्स पर कार्रवाई के बारे बादल ने कहा, वह इस मामले पर बोलना ही नहीं चाहते हैं। आर्टिकल 25 के संशोधन पर पेश किए जा रहे बिल पर उन्होंने कहा, जब बिल सामने आएगा, देख लिया जाएगा।
कैप्टन अमरिंदर समर्थक अधिकारियों की हिटलिस्ट तैयार होने के सवाल पर भी बादल का इसी तरह का जवाब था। उन्होंने कहा, जो होगा सामने आ जाएगा।