bhaskar Web English
HomeNewsChhattisgarhRaipur Raipur

आश्रम की छात्रा से सामूहिक बलात्कार

जशपुरनगर/ पत्थलगांव:

बगीचा तहसील के देवडांड आश्रम में रहने वाली एक नाबालिग छात्रा के साथ सामूहिक बलात्कार की घटना से प्रशासन सकते में है। घटना गत चार सितंबर की बताई जा रही है। एसपी अकबरराम कोर्राम ने बुधवार को गांव में खुद जाकर अपराध दर्ज करवाया। इस मामले में दो युवकों को गिरफतार किया गया है। एक आरोपी फरार है।

गौरतलब है कि पत्थलगांव इलाके के बुलडेंगा आदिम जाति कल्याण छात्रावास में लड़कियों से छड़खानी का एक मामला कुछ दिन पहले ही सामने आया है। इसमें छात्रावास अधीक्षिका का भाई और दो चौकीदारों को आरोपी बनाया गया है। बगीचा की घटना ने इलाके के आदिम जाति कल्याण विभाग के कन्या छात्रावासों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवालिया निशान लग गया है। 12 साल की पीड़िता कक्षा चौथी की छात्रा है।

पुलिस के अनुसार कन्या आश्रम की तीन छात्राएं गत चार सितंबर को गांव की दुकान में सामान खरीदने गई थीं। इस दौरान वहां पहुंच गए तीन युवकों जगेंदर (20), विजयराम (21) और पोंगाराम (20) ने लड़कियों को घेर लिया। वे लड़कियों को जबर्दस्ती उठाकर जंगल में ले गए। इसमें से दो छात्राएं तो युवकों के चंगुल से भाग निकलीं। चौथी कक्षा में पढ़ने वाली छात्रा को युवकों ने दबोच लिया।

छात्रा के साथ सामुहिक बलात्कार कर युवक भाग गए। लोकलाज और युवकों के डर से छात्राओं ने घटना की सूचना किसी को नहीं दी। मामले की सूचना मिलने पर एसपी कोर्राम खुद गांव पहुंचे और छात्राओं से बात की। छात्राओं की रिपोर्ट पर पुलिस ने जगेंदर और विजय को गिरफ्तार कर लिया। घटना के दिन अधीक्षक छात्रावास में नहीं थे और छात्रावास की देखरेख वहां का चौकीदार कर रहा था।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: