News
Madhya Pradesh
Gwalior Gwalior ग्वालियर:
रामसेतु की रक्षा के लिए रामेश्वरम् रामसेतु रक्षा मंच द्वारा चलाए जा रहे देशव्यापी अभियान में बुधवार को शहर में दस स्थानों पर चक्काजाम किया गया। सुबह 8 से 11 बजे तक तीन घंटे चला चक्काजाम अभियान तो शांतिपूर्ण ढंग से निपट गया लेकिन इस दौरान शहर और हाईवे का यातायात अव्यवस्थित हो गया, जिससे जनजीवन अस्तव्यस्त रहा। वहीं डबरा, पिछोर व छीमक में भी कार्यकर्ताओं ने चक्काजाम किया।
उल्लेखनीय है कि श्री रामेश्वरम् रामसेतु रक्षा मंच ने शहर में दस स्थानों हनुमान चौराहा, महाराज बाड़ा, बहोड़ापुर तिराहा, पड़ाव चौराहा, बारादरी, गोला का मंदिर चौराहा, हजीरा, चंद्रवदनी नाका, गुढ़ीगुढ़ा का नाका और तिघरा नाका पर चक्काजाम किए जाने की घोषणा की थी। घोषणा के मुताबिक मंच के कार्यकर्ता सुबह साढ़े सात बजे से ही निर्धारित स्थानों पर पहुंचना प्रारंभ हो गए थे, इन्होंने आठ बजते ही सड़क पर बैठकर चक्काजाम कर दिया। चक्काजाम के दौरान कार्यकर्ताओं ने कई स्थानों पर नारेबाजी की तो कहीं-कहीं वे रामधुन का गायन करने लगे।
हजीरा, नाका चंद्रवदनी और हनुमान चौराहा पर सुबह कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति पैदा हुई, यहां आंदोलनकारियों ने राहगीरों को रास्ता बदलने के लिए मजबूर किया, इस दौरान कुछ राहगीर इनसे उलझ गए। इस कारण तनाव की स्थिति पैदा हो गई, चूंकि पुलिस मौके पर मौजूद थी इसलिए तुरंत ही मामले का पटाक्षेप हो गया।
चक्काजाम के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष अभय चौधरी, मुरार विधायक ध्यानेन्द्र सिंह, विहिप के जिलाध्यक्ष मुन्नालाल गर्ग, सनातन धर्म मण्डल के मुरारीलाल माहेश्वरी, राजेश सोलंकी, पप्पू वर्मा और घनश्याम पिरौनियां ने संबोधित किया।
चक्काजाम में स्कूली बच्चे भी हुए शामिल
रामसेतु की रक्षा के लिए स्कूली बच्चे भी सड़क पर उतर आए, पड़ाव क्षेत्र में आंदोलनकारियों के साथ सरस्वती शिशु मंदिर के विद्यार्थी भी थे, इन्होंने मानवश्रृंखला बनाकर चक्काजाम में सहयोग किया। विद्यार्थियों के चक्काजाम में शामिल रहने के कारण राहगीर कोतुहलवश पड़ाव चौराहे पर रुके और उन्होंने आंदोलन में विद्यार्थियों के शामिल होने का कारण भी पूछा।
आंदोलनकारियों और पुलिस में बनी सहमति
चक्काजाम आंदोलन के दौरान पुलिस और आंदोलनकारियों में मूक सहमति बन गई थी, ऐसी लोगों में चर्चा थी। इस दौरान आंदोलनकारियों ने कहीं भी ऐसा काम नहीं किया जिससे पुलिस को बल प्रयोग करना पड़े और पुलिस ने जहां-जहां चक्काजाम था वहां बेरीकेड्स लगाकर यातायात को चक्काजाम स्थल से दूसरे मार्गो की ओर परिवर्तित करा दिया जिसके कारण उन स्थानों पर जहां यातायात दूसरे मार्गो पर परिवर्तित किया जा सकता था वहां अव्यवस्था उत्पन्न नहीं हुई।
चक्काजाम से लोग हुए परेशान, हाईवे पर लगा जाम
रामसेतु को बचाने के लिए किए जा रहे चक्काजाम के दौरान शहरवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों और ऑफिस जाने वालों को हुई। स्कूली बच्चे आठ से नौ बजे के बीच स्कूल जाते हैं। चक्काजाम के दौरान बच्चों को स्कूल ले जाने वाले वाहन नहीं निकल पाए जिसके कारण बच्चे स्कूल नहीं पहुंच पाए।
जिन बच्चों को लेकर उनके अभिभावक स्कूल के लिए निकले वे भी चक्काजाम में फंस गए और स्कूल नहीं पहुंच पाए। इसी तरह ऑफिस जाने वाले भी चक्काजाम से परेशान रहे। कर्मचारियों के ऑफिस जाने का समय 10 बजे का होता है, वे ऑफिस जाने के लिए निकले तो चक्काजाम में फंस गए। वे चक्काजाम खुलने के बाद ही ऑफिस पहुंच सके। इसके अलावा शिवपुरी और झांसी रोड स्थित हाईवे पर भी चक्काजाम की स्थिति रही।
भाजपाध्यक्ष सहित सैकड़ों के खिलाफ मामला दर्ज
पुलिस, सुबह तो चक्काजाम करने वालों के साथ खड़ी रही और उन्हें रोकने की कोशिश नहीं की लेकिन जैसे ही चक्काजाम समाप्त हुआ, पुलिस को अहसास हुआ कि आम आदमी का रास्ता रोकना कानूनन जुर्म है, इसके बाद अफसरों ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि वे चक्काजाम करने वालों के खिलाफ मामले दर्ज करें। पुलिस ने 550 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
इसके बाद जनकगंज, बहोड़ापुर, कोतवाली, पड़ाव, मुरार, गोला का मंदिर, ग्वालियर, झांसी रोड, कंपू, और विश्वविद्यालय थाने में भादंवि की धारा 341, 147 के तहत मामले दर्ज किए गए। बहोड़ापुर पुलिस ने भाजपाध्यक्ष अभय चौधरी, मोहन विटवेकर और दिनेश सहित एक सैकड़ा लोगों, कोतवाली थाना पुलिस ने महाराज बाड़ा पर चक्काजाम करने वाले पप्पू वर्मा, विनायक गुप्ता, पप्पू राठौर, रामाधार, सुधीर सिंह, दामोदर, बाबूलाल, सुनील दीक्षित, मनोज रजक, दीपक अग्रवाल, मनोज गोड़िया सहित डेढ़ सौ अज्ञात लोगों, कम्पू पुलिस ने गुढ़ागुढ़ी का नाका पर चक्कजाम करने वाले राजेन्द्र गुर्जर, मूलाराम प्रजापति, विपुल, अशोक और निकुंज सहित तीस अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
ग्वालियर थाना पुलिस ने पप्पन भदौरिया, मुनेन्द्र सिंह, बबली कोली, भानु चौहान, नीरज, ओमप्रकाश सहित पचास-साठ अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया है। पड़ाव थाना पुलिस ने सतीश सिकरवार, राजू, विनोद, विद्यासागर, कुलदीप, तरुण, राजू, स्वतंत्र सक्सैना, आकाश, प्रयाग, शैली, मनोज, अमित, विवेक, राजेन्द्र, अशोक, निखिल, अमित, राजू, झांसी रोड थाना पुलिस ने नाका चंद्रवदनी पर चक्काजाम करने वाले काशीराम पाल, अजय सिंह कुशवाह, देबू यादव, श्रीकृष्ण शर्मा, हिमांशु भदौरिया, चंद्रप्रकाश, केशव अवस्थी सहित 20 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।