बीकानेर:
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने सदर पुलिस थाने के सहायक पुलिस उप निरीक्षक को 1000 रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया। यह राशि उसने एक व्यक्ति को चोरी के मामले में मुल्जिम नहीं बनाने के एवज में ली।
ब्यूरो के एएसपी चतुभरुज पंवार ने बताया कि परिवादी झुंझुनूं निवासी गजेन्द्रसिंह ने शिकायत की थी कि सदर पुलिस थाने का एएसआई नारायणदत्त सहगल ने मोटरसाइकिल चोरी के मामले में उसे मुल्जिम बनाने की धमकी दी।
एएसआई ने उसे मुल्जिम नहीं बनाने के लिए दो हजार रुपए की रिश्वत मांगी। इस शिकायत का ब्यूरो ने मंगलवार को सत्यापन करवाया। सत्यापन के दौरान 1000 रुपए की रिश्वत में सौदा तय हो गया।
एएसआई ने परिवादी को अपनी मोटरसाइकिल की आरसी लेकर कचहरी परिसर में पोस्टऑफिस के पास बुलाया। बुधवार को दिन में करीब 12 बजे परिवादी वहां पहुंचा तो एएसआई ने आरसी की फोटो स्टेट कॉपी में रखे 1000 रुपए ले लिए। इस दौरान ब्यूरो के इंस्पेक्टर आनंद व्यास, कांस्टेबल हनुमानसिंह, बजरंगसिंह, राम अवतार, मानसिंह, लक्ष्मणसिंह, वरिष्ठ लिपिक मुरलीधर व कनिष्ठ लिपिक मेघसिंह की टीम को वहां देखकर एएसआई ने रिश्वत की राशि फेंक दी।
ब्यूरो ने रुपए बरामद कर एएसआई को गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्त के पुलिस लाइन कॉलोनी में निवास स्थान की भी तलाशी ली गई। उसे गुरुवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
ब्यूरो के अधिकारियों ने बताया कि परिवादी पिछले दिनों एक मामले में तारीख पेशी पर बीकानेर आया था। उस समय एएसआई नारायणदत्त उसे ले गया और मोटरसाइकिल चोरी के मामले में पूछताछ की थी। उसके बाद से वह फोन के जरिये परिवादी से संपर्क में रहा।