भोपाल:
राजधानी में चौबीस घंटे के अंदर अलग अलग स्थानों पर तीन महिलाओं समेत आधा दर्जन लोगों ने आत्महत्या कर ली। मृतिका में एक डेंटल कालेज की छात्रा भी शामिल है। किसी भी मामले में आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हुआ है।
कमला नगर पुलिस के मुताबिक पुणो (महाराष्ट्र) निवासी एससी जड्ढा की बेटी चैताली (20) यहां दुर्गापुरी में अपनी मौसी डा. अरूणा के पास रहती थी। वह डेंटल कालेज में द्वितीय वर्ष की छात्रा थी। चैताली ने दो दिन पहले जहरीला पदार्थ खा लिया था। उसका एक प्राइवेट अस्पताल में इलाज चल रहा था, जहां उसकी बुधवार को मौत हो गई।
पुरानी बस्ती बाग सेवनिया निवासी राजेश की पत्नी संतोषीबाई (20) ने मंगलवार देर रात जहरीला पदार्थ खा लिया था। हमीदिया अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वार्ड नंबर चार बैरागढ़ निवासी दीपक पेसवानी शराब की दुकान पर काम करता था। बुधवार की दोपहर उसकी पत्नी भारती (22) ने अपने कमरे में फांसी लगा ली। उसकी दो साल पहले ही शादी हुई थी। मंगलवार को ही वह अपने मायके से लौटकर आई थी।
संजय नगर बस्ती शाहजहांनाबाद निवासी लक्ष्मण (55) मजदूरी करता था। बुधवार को वह हमीदिया अस्पताल में पुताई करते समय सीढ़ियों से गिर गया था। उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। अकबरपुर, कोलार रोड निवासी अमित कुमार (35) मंगलवार-बुधवार की दरम्यानी रात फंदे पर लटक गया। परिजन उसे अस्पताल लेकर गए, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूखी सेवनिया में ट्रेन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है।
सिपाही घायल:
निशातपुरा इलाके में बुधवार रात ड्यूटी से घर जा रहा एक सिपाही सड़क हादसे में घायल हो गया। जानकारी के मुताबिक सिपाही सुभाष राठौर निशातपुरा थाने की छोला चौकी पर पदस्थ है। रात में वह ड्यूटी करके बाइक से घर जा रहा था।
रास्ते में मोहाली गांव के पास मवेशी सामने आने से बाइक का संतुलन बिगड़ने से वह गिर पड़ा। उसे सिर और हाथ में चोट आई हैं। सुभाष का हमीदिया अस्पताल में इलाज चल रहा है।