News
Chhattisgarh
Bilaspur Bilaspur बिलासपुर:
रिटायर होने के बाद अगर किसी कर्मचारी को समय पर पेंशन मिलना शुरू नहीं होती, तो उसके लिए संबंधित कार्यालय के प्रमुख ही जिम्मेदार होंगे। ऐसे अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया है।
रिटायरमेंट के बाद पेंशनरों को होने वाली परेशानियों को राज्य शासन ने गंभीरता से लेते हुए अब इन मामलों के निपटारे के लिए विभागीय अधिकारियों को ही जिम्मेदारी दी है। इस संबंध में छत्तीसगढ़ शासन के वित्त एवं योजना विभाग ने सभी कलेक्टरों और विभाग प्रमुखों को पिछले माह पत्र लिखकर निर्देश जारी किए हैं।
इसके अनुसार सभी कलेक्टरों को हरेक महीने बैठक लेकर लंबित पेंशन मामलों की समीक्षा करने और इन प्रकरणों को अंतिम तौर पर निराकृत करने के निर्देश दिए गए हैं। शासन स्तर पर हरेक तीन महीने में मुख्य सचिव की अध्यक्षता में बैठक होगी।
इसमें विभागों में बाकी रह गए और निराकृत किए गए मामलों की जानकारी ली जाएगी। समीक्षा में अगर यह बात सामने आई कि किसी विभाग के अधिकारी द्वारा ऐसे मामलों के निराकरण में रुचि नहीं ली जा रही है, तो उन पर विभाग के नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
जन्मतिथि सुधार या काट-छांट के कारण जिन लंबित मामलों का निराकरण नहीं हो पा रहा है, उनके मामलों को भी निपटाने के लिए मापदंड तय किए गए हैं। इसके तहत 31 दिसंबर 2006 तक की अवधि में जो कर्मचारी जिस जन्मतिथि के आधार पर रिटायर हुए हैं, उसे ही प्रमाणित मानते हुए मामलों का निराकरण किया जाएगा।
इसके बाद भी अगर इसमें देर की जाती है, तो इसे संबंधित विभाग की लापरवाही मानते हुए कार्रवाई की जाएगी। पेंशनरों को एक अप्रैल 2007 से मूल पेंशन के 50 प्रतिशत के बराबर मंहगाई भत्ता भी दिया जाना है। इसके लिए एक जनवरी 1996 के पहले रिटायर हो चुके कर्मचारियों की पेंशन को पुनरीक्षित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। संचालक कोष, लेखा व पेंशन को इन निर्देशों के क्रियान्वयन के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
जिले में 76 मामले लंबित
बिलासपुर जिले में पेंशन के 76 मामलों का निराकरण होना है। ये मामले विभागीय जांच, न्यायालयीन कारणों, संयुक्त संचालक व शासन स्तर पर जांच, आवेदक द्वारा प्रपत्र न भरे जाने, प्रमाणपत्रों के अभाव, उत्तराधिकार या अधिक भुगतान की वजह से लंबित हैं। ऐसे मामलों को भी अब प्राथमिकता से निपटाने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश संबंधितों को दिए गए हैं।
कोषालय में आज से पेंशन शिविर
कलेक्टोरेट स्थित जिला कोषालय में 13 व 14 सितंबर को पेंशन शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इसके अलावा कलेक्टर ने 17 सितंबर को इस संबंध में समीक्षा बैठक भी बुलाई है। इसमें लेखा और पेंशन संचालनालय के वरिष्ठ अधिकारी भी मार्गदर्शन के लिए उपस्थित रहेंगे।