धौलपुर: आरक्षण के मुद्दे पर यहां बाबू महाराज की थान पर गुरुवार सुबह 11 बजे गुर्जर समाज की महापंचायत होगी। इसकी शुरुआत बाबू महाराज की आराधना से की जाएगी। महापंचायत की तैयारियों को बुधवार को अंतिम रूप दिया गया।
गुर्जर नेताओं ने ढाई लाख लोगों के आने का दावा किया है। महापंचायत में भाग लेने युवा गुर्जर महासभा के प्रदेश अध्यक्ष डा. विक्रमसिंह गुर्जर, प्रदेश महासचिव प्रेमसिंह मूड़िया, संरक्षक रमेशचंद चैंची, मुखिया गुर्जर, पूर्व विधायक गोपीचंद गुर्जर व मातादीन भाटी बुधवार को धौलपुर पहुंच गए। राष्ट्रीय नेता गुरुवार को आएंगे। उनके आने की व्यवस्था सभास्थल से गांव कुदिन्ना की ओर दो किमी की दूरी पर हैलीपेड बना कर की गई है।
इस बीच कंचनपुर चौड़ी धरती के दो दर्जन गुर्जर समुदायों के गांवों की बैठक उपप्रधान पूरनसिंह गुर्जर की अध्यक्षता में हुई। इसमें महापंचायत में शांति व्यवस्था बनाए रखने का निर्णय लिया गया।
वक्ताओं ने कहा कि चाहे जो कुर्बानी देने पड़े, आरक्षण के मुद्दे को ठंडा नहीं होने दिया जाएगा। हमारी लड़ाई किसी जाति वर्ग से नहीं है। इस मुद्दे पर सभी का सहयोग चाहिए।
प्रशासन ने की इंतजामों की समीक्षा
धौलपुर:
गुर्जर महापंचायत के दौरान किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए जिला प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम किए हैं। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक ओमेंद्र भारद्वाज ने अधिकारियों की बैठक लेकर इन इंतजामों की समीक्षा की। गुर्जर महापंचायत के लिए राज्य के विभिन्न जिलों से बुलाए गए पुलिस अधिकारियों की बुधवार को जिला कलेक्ट्रेट के सभागार में बैठक हुई।
इस बैठक में एडीजीपी भारद्वाज ने कहा कि अधिकारियों को यह ध्यान रखना है कि किसी भी हालत में यातायात जाम नहीं हो। यदि कहीं दुर्घटना हो तो तत्काल आहतों को मदद मिले तथा रास्ते में से दुर्घटनाग्रस्त वाहन को तत्काल हटाया जाए। साथ ही बाबू महाराज मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा का भी पूरा ध्यान रखा जाना चाहिए। बैठक में महानिरीक्षक डा. सुधाकर जौहरी, उप महानिरीक्षक प्रेमसिंह चूड़ावत, पुलिस अधीक्षक देवेंद्रसिंह, जिला कलेक्टर आशुतोष एटी पेडणोकर मौजूद थे।
सैंपऊ संवाददाता के अनुसार तहसील कार्यालय में एसडीएम भरतपुर राकेश शर्मा ने अधिकारियों की बैठक लेकर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि बाड़ी से सैंपऊ व सैंपऊ से कैंथरी व उत्तरप्रदेश बोर्डर तक वे खुद व्यवस्थाओं पर नजर रखेंगे। वहीं सैंपऊ रोड तिराहे पर नायब तहसीलदार अनिल कमठान, सैंपऊ से बाड़ी रोड पर कंचनपुर नायब तहसीलदार रामस्वरूप वर्मा, बसई नवाब खेरागढ़ बोर्डर पर जिला आबकारी अधिकारी भगवानसहाय शर्मा, सैंपऊ-रूपवास बोर्डर पर पीसी बुनकर उपनिदेशक कृषि विस्तार निगरानी रखेंगे।
बैठक में तहसीलदार रणधीरसिंह छौंकर, जिला आवकारी अधिकारी भगवानसहाय शर्मा, आवकारी निरीक्षण कुलदीपसिंह चौहान, थाना प्रभारी वीरेंद्र चौधरी उपस्थित थे।
नियंत्रण कक्ष स्थापित
धौलपुर:
बाबू महाराज मेले में प्रस्तावित गुर्जर महापंचायत के दौरान कानून व्यवस्था एवं सूचनाओं के आदान प्रदान के लिए जिला प्रशासन द्वारा नियंत्रण कक्ष स्थापित किए गए हैं। जिला कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट आशुतोष एटी पेडणोकर ने बताया कि जिला स्तर पर कलेक्ट्रेट भवन में नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर 221310 है। नियंत्रण कक्ष तीन पारियों में कार्य करेगा। इसी प्रकार बाड़ी उपखंड पर नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर 05647-243505 है। सरमथुरा में नियंत्रण कक्ष के प्रभारी महावीर प्रसाद व पुनीत कुमार दीक्षित होंगे जिनके मोबाइल नंबर 9413310746 एवं 9414364735 है।
महापंचायत के दौरान यातायात व्यवस्था निर्धारित
धौलपुर:
जिले में प्रस्तावित गुर्जर महापंचायत में विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले वाहनों के लिए जिला प्रशासन द्वारा मार्ग निर्धारित किए गए हैं।
जिला कलेक्टर आशुतोष एटी पेडणोकर ने बताया कि करौली जिले की तरफ से सरमथुरा होकर आने वाले वाहन सरमथुरा से सोने का गुर्जा होकर तथा बयाना जगनेर, मासलपुर की तरफ से आने वाले वाहन बसेड़ी तथा बाड़ी होकर तालाब-शाही पहुंचकर सीधे ही बाबू महाराज जा सकते हैं। इसी प्रकार आगरा, पिनाट, शमशाबाद व मुरैना, ग्वालियर की तरफ से आने वाले वाहन धौलपुर होकर बाड़ी रोड़ आठ मील से वन बिहार होकर तथा रूपवास एवं खेरागढ़ की तरफ से आने वाले वाहन सैंपऊ से धौलपुर होकर आठ मील से बन बिहार होते हुए सभा स्थल पहुंचे।
जिला पुलिस अधीक्षक देवेंद्रसिंह चौधरी ने सुरक्षित एवं सुगम यात्रा के लिए वाहन चालकों को हिदायत दी गई है कि वाहन को चलाते समय ओवर टेक नहीं करें तथा सड़क के बायी दिशा में पंक्तिबद्ध चलकर यातायात नियमों का पालन करें एवं वाहन को सड़क पर पार्क नहीं करें व खराब होने की स्थिति में साइड से उतारकर खड़ा करें। उन्होंने सड़कों की कम चौड़ाई व घुमाव को दृष्टिगत रखते हुए धीमी गति से चलाने व चौराहे, तिराहे पर ट्रेफिक लाइट की पालना करने के निर्देश दिए हैं।
निजी वाहन थमे, यात्री परेशान धौलपुर गुर्जर समाज की महापंचायत को लेकर निजी वाहनों के पहिए थम गए हैं। जिले के विभिन्न मार्गो पर दौड़ने वाले निजी वाहन बुधवार को नदारद रहे। महापंचायत के दौरान प्रशासन को अतिरिक्त गाड़ियों की जरूरत है, ऐसे में निजी वाहनों का अधिग्रहण किया जा रहा है। परिवहन विभाग के अधिकारी बुधवार को भी निजी वाहनों की धरपकड़ में लगे रहे। धरपकड़ के मद्देनजर अधिकांश वाहन सड़कों से नदारद रहे। इसी प्रकार विभिन्न मार्गो पर चलने वाले डग्गेमार वाहन भी बुधवार को कम चले।
पत्ते महापंचायत में खोले जाएंगे-डा. सिंह
धौलपुर
राजस्थान में गुर्जर आरक्षण आंदोलन के प्रवक्ता डा. रूपसिंह ने कहा है कि कोर ग्रुप की बैठक देर रात तक चल सकती है तथा इसके पत्ते गुरुवार को आंदोलन के नेता कर्नल बैसला महापंचायत में ही खोलेंगे। पूर्व विधायक जसवंतसिंह के आवास पर बुधवार की शाम 5 बजे से गुर्जर आरक्षण आंदोलन के लिए गठित कोर ग्रुप की बैठक होनी थी, जिसमें भाग लेने के लिए आंदोलन के नेता डा. रूपसिंह, पूर्व विधायक महुआ हरीसिंह गुर्जर, जसवंतसिंह गुर्जर, विधायक अतरसिंह भड़ाना, प्रहलाद गुंजल, प्रभाकर चौधरी, डा. केसरसिंह पाटिल, झालाबाड़ के पूर्व जिला प्रमुख सुजानसिंह पहुंच गए। आंदोलन के नेता कर्नल बैसला बयाना में लेट हो गए।
डा. रूपसिंह ने बताया कि कोर ग्रुप के निर्णय की जानकारी गुरुवार को महापंचायत में कर्नल बैसला ही देंगे तथा इसे इससे पहले सार्वजनिक नहीं किया जाएगा। कोर ग्रुप की बैठक देर रात तक चल सकती है या यह बैठक गुरुवार की सुबह तक भी चल सकती है।
परिणाम भुगतने को तैयार रहे सरकार
* सरकार ने वादा किया था कि तीन माह में रिपोर्ट भेज देंगे। सरकार ने समय बढ़ाकर वादाखिलाफी की है। धौलपुर में जुटे हिंदुस्तान के गुर्जरों में जबर्दस्त रोष है। अब परिणाम भुगतने के लिए तैयार रहे सरकार। गुर्जरों के कदम पीछे नहीं हटने वाले।
—डॉ. विक्रम सिंह अध्यक्ष, युवा गुर्जर महासभा
* सरकार समिति का समय बढ़ाकर मामले को लंबा खींचना चाहती थी, उसने खींच दिया। हमारा इससे कोई लेना-देना नहीं है। हम अपनी रणनीति बनाकर लड़ाई का एलान करने जा रहे हैं।
—प्रहलाद गुंजल विधायक
* सरकार मनमानी पर उतर आई है। प्रदेश का 60 लाख गुर्जर सरकार से इंसानियत की उम्मीद लगाए बैठा था, लेकिन गुर्जरों को निराशा हाथ लगी है। अब फैसला होने में बहुत ही कम समय बचा है। गुरुवार को धौलपुर की सभा में गुर्जर अपनी रणनीति का खुलासा करेंगे।
—अतर सिंह एडवोकेट राजस्थान गुर्जर आरक्षण संघर्ष समिति
* सरकार ने चोपड़ा कमेटी का समय बढ़ाकर स्वागत योग्य कदम उठाया है। यह बड़ा ही पेचीदा और जटिल मुद्दा है, इसे समय में नहीं बांधा जा सकता। चोपड़ा कमेटी को सत्यता की जांच के लिए तह तक जाना पड़ेगा। मेरा मानना है कि 15 दिसंबर तक का समय भी कम पड़ेगा।
—श्रीनारायण कैमला संयोजक, जनजाति आरक्षण बचाओ संघर्ष समिति