पानीपत/हिसार रामसेतु तोड़ने के विरोध में कैथल में विश्व हिंदू परिषद व भाजपा नेताओं ने शहर में प्रदर्शन किया और एक घंटे तक पिहोवा चौक जाम रखा। पूर्व मंत्री समेत 51 सदस्यों ने विरोध स्वरूप गिरफ्तारियां भी दी। इसी प्रकार गुहला चीका में रामसेतु बचाओ आंदोलन के कार्यकर्ताओं तथा राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ व उससे जुड़े संगठनों ने चीका-कैथल मार्ग पर आधा घंटे तक जाम लगाया।
कुरुक्षेत्र में श्रीरामसेतु रक्षा मंच के बैनर तले कार्यकर्ताओं ने पिपली-कुरुक्षेत्र मुख्यमार्ग पर जाम लगाया और दोनों ओवरब्रिजों पर वाहनों की आवाजाही बंद कर दी। करीब आधा घंटा जाम लगा रहा। पिहोवा में रामसेतु रक्षा मंच द्वारा रोष प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने बस स्टैंड के पास सांकेतिक जाम भी लगाया।
यमुनानगर में भाजपा, विश्व हिंदू परिषद और आरएसएस के कार्यकर्ताओं ने जिले में कुछ देर के लिए चार जगह जाम लगाया। इससे करीब 15 से 20 मिनट ही यातायात पर असर पड़ा। नेशनल हाइवे पर गांधीनगर के सामने भाजपा नेता एडवोकेट घनश्याम दास के नेतृत्व में करीब 10 मिनट जाम लगाया गया।
अम्बाला में राम सेतु रक्षा के लिए जिले में किया गया चक्का जाम बेअसर रहा। छावनी में तो स्थिति यह थी कि चक्का जाम करने के लिए भाजपा नेताओं को पुलिस से मोहलत मांगनी पड़ी तब जाकर वह पौन घंटे के लिए जाम लगा सके।
सिटी के अग्रसेन चौक पर प्रदर्शन कर रहे विश्व हिंदू परिषद के सदस्यों पर पुलिस ने लाठियां भांजी। लाठीचार्ज में भाजपा जिला ग्रामीण अध्यक्ष को गंभीर चोट पहुंची हैं।
करनाल में रामसेतु समुद्रम योजना के विरोध में बुधवार को रामभक्तों के तेवर तीखे हो गए। रामसेतु की रक्षा के लिए भाजपा, विश्व हिंदू परिषद व आरएसएस के कार्यकर्ताओं ने संयुक्त रूप से नेशनल हाइवे पर प्रदर्शन कर सरकार विरोधी नारे लगाए। जोशीले कार्यकर्ता राष्ट्रीय राजमार्ग पर लेट गए और जाम लगा दिया। नेशनल हाइवे से जाम खुलवाने के लिए पुलिस को पसीने आ गए। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को इधर उधर करने के लिए लाठियां तक फटकारी।
पूर्व केंद्रीय गृह राज्य मंत्री आई डी स्वामी के पुत्र राजेंद्र स्वामी पर भी पुलिस ने प्रहार किया। इस बीच 35 मिनट में जाम-प्रदर्शन से लेकर सबकुछ निपट गया। रोहतक में रामसेतु रक्षा मंच हरियाणा के आह्वान पर भिवानी स्टैंड पर चक्का जाम लगाया गया। विश्व हिंदू परिषद और भाजपा कार्यकर्ताओं ने यहां तीन घंटे तक धरना दिया। इस दौरान भिवानी स्टैंड से किसी भी वाहन को गुजरने नहीं दिया गया। वहीं, हिसार रोड पर विहिप व भाजपा कार्यकर्ताओं की पुलिस के साथ झड़प हुई। यहां मुख्य सड़क पर धरना दे रहे कार्यकर्ताओं को खदेड़ने के लिए पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया।
बहादुरगढ़ में भाजपा, शिवसेना, विश्व हिंदू परिषद, आरएसएस व बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने लगभग एक घंटे तक नेशनल हाइवे जाम रखा। झज्जार में स्थानीय कार्यकर्ताओं द्वारा झज्जर-रेवाड़ी राष्ट्रीय राजमार्ग नंबर 71 को गांव सिलानी के पास करीब एक घंटे तक रामसेतु न तोड़ने के पर्चे बांटे और यातायात बाधित रखा।
पानीपत में विश्व हिन्दू परिषद, बजरंग दल व अन्य हिन्दू संगठनों ने लालबत्ती चौक पर 8 : 30 बजे जीटी रोड जाम कर दिया। तुरंत ही पुलिस सक्रिय हुई और उसने जाम लगा रहे लोगों को जबरदस्ती गाड़ियों में डाल लिया और सिटी थाने ले गए। इसके बाद ही जाम खुल गया। आध घंटे ही यातायात अवरुद्ध रहा।
हिसार जिले में हिसार, उकलाना, सिवानी मंडी व मंडी आदमपुर में विहिप कार्यकर्ताओं ने रास्ता रोका और सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। विहिप कार्यकर्ताओं ने रवाड़ी, नारनौल, महेंद्रगढ़, भिवानी, सिरसा, फतेहाबाद और जींद जिले में भी विभिन्न जगहों पर प्रदर्शन कर जाम लगाया और सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। कई स्थानों पर धरना भी दिया गया। प्रदर्शनकारी केंद्र सरकार से रामसेतु तोड़ने की परियोजना को बंद करने की मांग कर रहे थे।