bhaskar Web English
HomeNewsChhattisgarhBilaspur Bilaspur

फोटोग्राफी कंपनियों ने खड़े किए हाथ

बिलासपुर:

जिले में मतदाता परिचयपत्र की फोटोग्राफी के लिए नियुक्त दोनों ही कंपनियां नाकाम हो चुकी हैं। उन्होंने प्रशासन को पत्र लिखकर फोटो खींच पाने में असमर्थता जताई है। उधर समय पर लक्ष्य पूरा करने के लिए प्रशासन द्वारा लगातार जद्दोजहद की जा रही है।

जिला प्रशासन ने जून में शुरू किए मतदाता परिचयपत्र के काम में दो कंपनियों को फोटोग्राफी के लिए लगाया था। इसमें से एक कंपनी रायपुर की मयंक इंटरप्राइजेस और दूसरी जयपुर की नेचुरल साफ्टवेयर कंपनी है। दोनों ही कंपनियों को बिलासपुर सहित जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में फोटोग्राफी करनी थी। लेकिन दोनों ही कंपनियों ने इस काम को पूरा कर पाने में असमर्थता जताते हुए हाथ खड़े कर दिए हैं।

उन्होंने कुछ क्षेत्रों में ही फोटोग्राफी करने की इच्छा जाहिर करते हुए जिला प्रशासन को पत्र लिखा है। इसके तहत नेचुरल साफ्टवेयर ने बिल्हा, सीपत और मस्तूरी में और मंयक ने सिर्फ बिलासपुर विधानसभा क्षेत्र में ही फोटोग्राफी करने की बात कही है। उधर जिला प्रशासन पर 21 सितंबर तक 50 प्रतिशत फोटोग्राफी पूरी कर लेने का दबाव है।

इसके मद्देनजर प्रशासन ने भी दोनों कंपनियों को पत्र लिखकर अब तक हुए काम पर असंतोष जताते हुए कहा है कि वे जिन क्षेत्रों में फोटोग्राफी कर चुके हैं। वहां के फोटो परिचय पत्र बनवाकर 14 सितंबर तक दे दें। अगर इस तारीख के बाद वे परिचय पत्र देते भी हैं, तो उसका भुगतान नहीं किया जाएगा।

अब स्थानीय फोटोग्राफरों पर दारोमदार
प्रशासन ने अब स्थानीय फोटोग्राफी कंपनियों की इस काम में मदद लेनी शुरू कर दी है। सहायक निर्वाचन अधिकारी पीएस एल्मा ने बताया कि बिलासपुर के भारत कंप्यूटर, टोटल सोल्यूशन, श्रद्धा फोटोकापीयर, एनआईसीटी आदि संस्थानों को फोटोग्राफी का काम दिया गया है। इसके अलावा जिनके पास अपने डिजिटल कैमरे हैं, उनसे भी काम लिया जा रहा है।

कलेक्टर ने लिया जायजा
स्थिति के मद्देनजर कलेक्टर सुबोध सिंह ने बुधवार को तखतपुर विधानसभा क्षेत्र के गांवों, मंगला और शेफर स्कूल में फोटोग्राफी की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि मिले आंकड़ों के अनुसार जिले में लगभग 40 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। समय पर लक्ष्य पूरा करने की लगातार कोशिश की जा रही है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: