नई दिल्ली.इंडोनेशिया में दुबारा आए तेज भूकंप और सुनामी की चेतावनी जारी होने के बाद भारत के भी समुद्रतटीय इलाकों में अलर्ट जारी कर दिया गया है।
भारत ने अंडमान निकोबार द्वीप समूह और अन्य तटवर्ती राज्यों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं केंद्र सरकार ने अंडमान निकोबार प्रशासन को हर संभव एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। वर्ष 2004 में आए भयंकर सुनामी ने यहाँ भारी तबाही मचाई थी।
साथ ही तमिलनाडु, केरल, आंध्र प्रदेश और पांडिचेरी में सतर्कता बरती जा रही है। केंद्रीय गृह मंत्रालय स्थिति पर नजर रखे हुए है।
अंडमान द्वीप समूह में स्थित भारतीय वायुसेना और नौसेना की इकाई को हाई अलर्ट पर रखा गया है। भारतीय नौसेना ने हाल ही में पाँच देशों के साथ बंगाल की खाड़ी में संयुक्त सैनिक अभ्यास ख़त्म किया है और अभी भी नौसेना के कई जहाज और विमान अंडमान में ही हैं।