News
Metros
Chandigarh Chandigarh चंडीगढ़ :
सेतु समुद्रम शिप कैनाल प्रोजेक्ट के विरोध में राष्ट्रव्यापी बंद के दौरान बुधवार सुबह शहर में भी कुछ स्थानों पर चक्का जाम किया गया। इनमें अरोमा लाइट पॉइंट, ट्रांसपोर्ट चौक, सेक्टर-39 चौक, धनास और सेक्टर-43 स्थित स्मॉल चौक शामिल हैं। रामेश्वरम रामसेतु सुरक्षा मंच के आह्वान पर किए गए इस चक्का जाम में विभिन्न हिंदू संगठनों ने भाग लिया।
जाम का ज्यादा असर अरोमा लाइट पॉइंट पर रहा। यहां सुबह 10.47 से 11.00 बजे तक पूरा चौक जाम रहा। प्रदर्शनकारी चौक के बीचों-बीच बैठ गए और हनुमान चालीसा पढ़ने लगे। पुलिस ने इस दौरान सेक्टर-17 की ओर जाने वाला ट्रैफिक पिकाडली चौक से सीधे किसान भवन की ओर डाइवर्ट कर दिया, जिससे किसान भवन पर जाम जैसी स्थिति बन गई।
इससे पूर्व ये प्रदर्शनकारी सेक्टर-22 स्थित नेहरू पार्क में एकत्र हुए और वहां से नारेबाजी करते हुए अरोमा चौक की ओर बढ़े, लेकिन पुलिस ने बैरिकेट्स लगाकर उन्हें पहले ही रोक लिया। हालांकि अरोमा चौक तक जाने के लिए प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेट्स लांघने की कोशिश की जिस कारण पुलिस के साथ उनकी धक्का-मुक्की भी हुई। अंत में लगभग पौने ग्यारह बजे पुलिस ने उन्हें यह 'दहलीज' लांघने की इजाजत दे दी। मौके की नजाकत को देखते हुए पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी भी वहां उपस्थित थे। इनमें एडीसी इंद्रजीत सिंह संधू, तहसीलदार डी.एस. बलौरिया व एसडीपीओ मधुर वर्मा (आईपीएस) आदि शामिल हैं।
प्रदर्शनकारियों में मंच के संयोजक नरेश अरोड़ा, विश्व हिंदू परिषद के अध्यक्ष विजय भारद्वाज, हिंदू पर्व महासभा के लखनपाल और बजरंग दल के दविंदर सिद्धू आदि शामिल हैं। इनमें महिलाएं भी थीं।
न्यू ग्रेन मार्केट (सेक्टर-39) चौक पर प्रदर्शनकारियों ने विजय भारद्वाज की अगुआई में टायर जलाए और नारेबाजी की। चक्का जाम के दौरान प्रदर्शनकारियों की कार चालकों से धक्का-मुक्की भी हुई। अंत में पुलिस के आने पर प्रदर्शनकारी सेक्टर-22 की ओर कूच कर गए।
ट्रांसपोर्ट चौक पर मंच के प्रचार सचिव राज किशोर, बजरंग दल के संयोजक राजेश कुमार, अखाड़ा प्रमुख कमलेश और बिट्टू दयाशंकर की अगुआई में लगभग 15 मिनट जाम रहा। इसके बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को गाड़ियों में भरकर शहर का चक्कर लगाया। सेक्टर-43 के स्मॉल चौक पर धर्म जागरण समन्वय विभाग के संयोजक अशोक कुमार, सहसंयोजक रमेश कुमार वर्मा और अनिल शास्त्री की अगुआई में थोड़ी देर के लिए जाम लगा। इस दौरान राहगीरों से बहस के बाद प्रदर्शनकारी सेक्टर-22 की ओर रवाना हो गए। धनास रोड पर भी टायर जलाने की कोशिश की गई।