bhaskar Web English
HomeNewsChhattisgarhRaipur Raipur

महिला शिक्षाकर्मी की हत्या, कुकर्म का शक

नारायणपुर:

मंगलवार शाम स्कूल से घर लौट रही महिला शिक्षाकर्मी के अपहरण और हत्या की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। सविता देवांगन (28) नामक इस महिला के शव की हालत देखकर लगता है कि आरोपियों ने हत्या के पहले उसके साथ कुकर्म किया। शोक में ब्लाक के सारे शिक्षण संस्थान बुधवार को बंद रहे।

शहर के देवांगनपारा में रहने वाली सविता के पति विवेकानंद आश्रम के स्कूल में शिक्षक हैं। शहर से नौ किमी दूर ग्राम भरंडा की शाला में महिला पिछले कई सालों से शिक्षाकर्मी के रूप में काम कर रही थी। रोज की तरह मंगलवार की शाम सविता अपनी हीरो पुक मोपेड से नारायणपुर के लिए रवाना हुई थी। शाम 5 बजे तक जब वह नहीं पहुंची तो घर के लोगों को चिंता होने लगी।

परिजनों ने कुछ देर और इंतजार किया। रात 8.30 बजे महिला के लापता होने की रिपोर्ट थाने में दर्ज करवाई गई। पुलिस की ढिलाई देखकर घर के लोगों ने मारुति वैन का इंतजाम किया और महिला को खोजने निकल पड़े। घुप अंधेरे में स्कूल के रास्ते में टार्च की मदद से घंटों तलाश चली। कुछ नहीं मिला तो लोगों ने आसपास के रास्तों पर तलाश की।

रात 2 बजे अंतागढ़ मार्ग पर डाक टप्पा पुलिया के पास महिला की मोपेड मिली। टायर जलाकर लोगों ने आसपास खोज की तो पुलिया से कुछ दूर महिला की निर्वस्त्र लाश मिल गई। घटनास्थल पर महिला की टूटी चूड़ियां और खून के निशान मिले। महिला के सिर पर धारदार हथियार से वार के निशान मिले हैं।

आरोपियों की संख्या दो से ज्यादा होने का अनुमान लगाया जा रहा है। नारायणपुर के एसपी सुंदरराज पी. ने बताया कि शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हत्या के समय सहित बाकी जानकारी मिल पाएगी। सविता की सवा साल की बेटी है। कुछ समय पहले इस शिक्षाकर्मी की मोपेड अज्ञात लोगों ने लूटी थी। गौरतलब है कि साल भर पहले भी एक महिला शिक्षाकर्मी जानो उसेंडी का शव लगभग इसी हालत में मिला था।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: