नई दिल्ली. प्लैट्स टॉप 250 ग्लोबल एनर्जी कंपनियों में ओएनजीसी (23) और रिलायंस इंडस्ट्रीज (39) ने टॉप 50 में जगह बनाई है। कुल सात भारतीय कंपनियां इस सूची में हैं। प्लैट्स हर साल सूची तैयार करती है और यह मैक्ग्रा हिल का एक प्रभाग है।
दुनिया की प्रमुख तेल व गैस कंपनियों में एक्सन मोबिल शीर्ष पर है। ब्रिटेन की बीपी और रायल डच शेल के नाम एक्सन के बाद हैं। भारत की इंडियन आयल कार्प(52), एनटीपीसी(103), गेल (135), भारत पेट्रोलियम(203) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम (233) के नाम भी इसमें हैं।
ओएनजीसी को एशिया में सबसे अच्छे कामकाज वाली कंपनी करार दिया गया है। मुकेश अंबानी की अध्यक्षता वाली रिलायंस इंडस्ट्रीज ने रिफाइनिंग और मार्केटिंग की सूची में शीर्ष स्थान हासिल किया है।
एनटीपीसी ने बिजली निर्माण में स्वतंत्र खिलाड़ी के रूप में जगह बनाई है। चीन की भी सात कंपनियां इस सूची में हैं।