News
Madhya Pradesh
Gwalior Gwalior शिवपुरी. चड्डी-बनियान गिरोह ने बीती रात पांच कृषि फार्मो को निशाना बनाया। गिरोह ने जहां एक वृद्ध को मौत के घाट उतारने के साथ ही आधा दर्जन से अधिक ग्रामीणों को अधमरा कर दिया, वहीं हजारों रुपये के जेवरात, नगदी व अन्य सामान समेटकर ले गया।
जानकारी के अनुसार चड्डी- बनियान पहने चार लोगों का गिरोह बुधवार-गुरुवार की तकरीबन बारह बजे रेलवे स्टेशन से पूर्व की ओर दो फर्लाग दूर बछौरा के हार में स्थित जगदीश कुशवाह निवासी अहीर मोहल्ला के कुएं पर पहुंचा।
यहां गिरोह ने पहरेदारी पर तैनात चौकीदार अमरलाल कुशवाह (60) निवासी नौकरीचक पर लाठी व पत्थरों से हमला किया और उसे बंधक बनाकर पाटौर में ही छोड़ दिया। हमले में अमरलाल के सिर में गंभीर चोटें आईं थी, गुरुवार की सुबह 11 बजे वह चौकीदार मृत मिला।
उसके बाद गिरोह नजदीक ही स्थित ऊंकारलाल कुशवाह लाइनमैन के कुएं पर धावा बोला। यहां एक कमरे में बटाईदार रामस्वरूप (28) पुत्र प्रहलाद धाकड़ अपनी पत्नी सकुन व दो बच्चों के साथ सो रहा था। बकौल सकुन चड्डी बनियान गिरोह ने पत्थरों से बाहर से दरवाजों पर हमला किया।
इसके बाद दरवाजे को निकालने के लिए तलवार घुसानी चाही और अंतत: कुंदी खुल गई। गिरोह ने रामस्वरूप को जमकर पीटा व उसकी पत्नी की भी पिटाई की गई। यहां से गिरोह ने सकुन बाई के कान के सोने के बाला, चांदी की पायलें, रामस्वरूप की चेन और सोने की अंगूठी लूटी।
बताते हैं कि जब बचाव के लिए रामस्वरूप ने अपने रिश्तेदार और पास के ही मुरारीलाल शिवहरे निवासी कमलागंज के कुएं पर बटाईदारी करने वाले चंदन धाकड़ (30) को पुकारा तो गिरोह के सदस्यों ने उसे साथ लेकर दौड़ लगाई और मुरारीलाल के कुएं पर पहुंचकर चंदन धाकड़ को पकड़ लिया। गिरोह के सदस्यों ने इस कुएं पर स्थित कमरों के दरवाजे खुलवाने के लिए उन पर बड़े पत्थर पटके। यहां चंदन धाकड़ के अलावा उसकी पत्नी व मां मौजूद थी।
गिरोह ने चंदन की पत्नी लच्क्षो बाई के कान के सोने के फूल, चांदी की पायलें, 200 रुपए व चंदन की घड़ी लूटी। पास ही कल्ला प्रजापति के कुएं पर स्थित सतीश धाकड़ (18) को भी इस गिरोह ने बंधक बना लिया और इन सभी की पिटाई कर साड़ी व अन्य कपड़ों से हाथ, पैर बांधकर ऊंकारलाल कुशवाह लाइनमैन के कुएं स्थित कमरे में बंद कर चले गए।
इतना आतंक मचाने व लूट करने के बाद भी गिरोह का मन नहीं भरा और यह गिरोह कुछ ही दूरी पर स्थित तेगसिंह कुशवाह के कुएं पर जा पहुंचा। तेगसिंह कुशवाह की पिटाई कर गिरोह ने उसे बंधक बना कर छोड़ा और एक कैमरा व 10 रुपए लूट लिए। यहां भी लूटपाट का सिलसिला नहीं रुका और गिरोह खेतों के रास्ते से होता हुआ कत्था मिल के आगे जगन ढाबे के पीछे पाटौरों पर जा पहुंचा।
यहां गिरोह का कहर मोहम्मद अख्तर और अन्नू उर्फ अनवर पुत्रगण फतेह मोहम्मद के परिवारों पर टूटा। गिरोह ने यहां भी दरवाजों को तोड़ने के लिए उन पर पत्थर पटके और अन्नू उर्फ अनवर के पेंट को ले गए। इसमें नकदी 12 हजार रुपए रखे हुए थे।
चूंकि रात में मोहम्मद अख्तर यहां मौजूद नहीं था, इसलिए उसकी पाटौर में घुसकर इस गिरोह ने करीब पांच हजार रुपए समेटे। अख्तर की बेटी नेहा (6) और भाई अन्नू के बेटे समीर (10) ने इन नकाबपोश लुटेरों को देखा।
बकौल अख्तर उसकी पत्नी अनीसा को गिरोह के सदस्यों ने तलवार दिखाई और चुपचाप कपड़ों में मुंह ढककर सोने के लिए कहा। यहां गिरोह के सदस्यों ने इन दोनों परिवारों को जमकर डराया और कहा कि वे 21 खून करके आए हैं।
सिटी कोतवाली पुलिस को सूचना मोहम्मद अख्तर द्वारा दी गई। पुलिस बल सबसे पहले यहां पहुंचा, लेकिन इसी बीच सूचना आई कि जगदीश कुशवाह के कुएं पर चौकीदार की हत्या की गई है।
यह खबर सुनने के बाद मोहम्मद अख्तर के घर से पुलिस सीधे हत्या के स्थल पर पहुंची। नगर निरीक्षक पी के सारस्वत ने घटनास्थल का जायजा लिया और शव को बरामद कर उसका पीएम कराया है।
पुलिस का अनुमान है कि चड्ढी बनियान गिरोह रात के समय ट्रेन से उतरा है और इसके बाद खेतों में बने मकानों पर कहर बरपाते हुए यह कत्था मिल पर पहुंचा, जहां इस गिरोह ने वारदातों का अंत किया। एक ही रात में हुईं इन वारदातों से इलाके में दहशत का माहौल निर्मित हो गया है।
अब हम खेतों में कैसे रहेंगे
खेतों पर बने कमरों में रहकर बटाईदारी करने वाले परिवारों की महिलाएं बीती रात हुईं घटनाओं से इस कदर दहशत में हैं कि वे अब खेतों पर नहीं रहना चाहतीं। ‘भास्कर’ संवाददाता ने घटनास्थल का जायजा लिया।
यहां मौजूद महिलाओं का कहना था कि चड्डी बनियान गिरोह ने हत्या के बाद उनके ही कुओं से कुल्हाड़ी व सरिया लिए और फिर वारदातों को अंजाम दिया। बीती रात जो हुआ, उससे यहां रहने वाले बटाईदार डरे हुए हैं, क्योंकि कई सालों में ऐसी घटना इन खेतों पर नहीं हुई है।