बेंगलूर: टीम इंडिया के कप्तान राहुल द्रविड़ के अचानक कप्तानी छोड़े जाने के निर्णय से उनके प्रशंसक सन्न रह गए हैं। यह खबर फैलते ही उनके बेंगलूरु स्थित आवास के बाहर भारी संख्या में प्रशंसक जमा हो गए हैं। एहतियातन बड़ी संख्या में पुलिस बल उनके घर के बाहर तैनात कर दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह प्रशंसक राहुल के निर्णय से दुखी हैं। वे चाहते हैं कि वे अपने निर्णय पर विचार करें। उन्होंने नारे और बैनर के माध्यम से द्रविड़ तक अपनी भावनाएं पहुंचाई हैं।
उत्तराधिकारी का निर्णय 18 को: बोर्ड की चयन समिति द्रविड़ के उत्तराधिकारी के चुनाव के लिए 18 सिंतबर को बैठक करने जा रही है।हालांकि बोर्ड के सचिव निरंजन शाह ने कहा कि द्रविड़ को मनाने के प्रयास जारी हैं। उधर चयन समिति के अध्यक्ष दिलीप वेंगसरकर ने कहा कि नए कप्तान का निर्णय ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली 7 वन डे इंटरनेशनल सीरीज की टीम के चुनाव के साथ होगा। उन्होंने इस बात के साफ संकेत दिए कि बोर्ड द्रविड़ के निर्णय का सम्मान करता है।
बोर्ड प्रमुख शरद पवार ने कहा कि बोर्ड उनके निर्णय का सम्मान करता है। अब चयन समिति उपयुक्त समय में उनके उत्तराधिकारी का चुनाव करेगी। उन्होंने कहा कि द्रविड़ बतौर खिलाड़ी खेलते रहना चाहते हैं। वे अपनी बल्लेबाजी पर ध्यान देना चाहते हैं। उन्होंने रहस्योद्घाटन किया कि द्रविड़ इंग्लैंड के दौरे के बीच में ही कप्तानी छोड़ना चाहते थे। उनका कहना था कि कप्तानी के कारण वे अपनी बल्लेबाजी में ध्यान नहीं दे पा रहे हैं। पवार ने कहा कि वे पूरी तरह से तय कर चुके थे कि उन्हें कप्तानी नहीं करनी है। उन्होंने दो बार मुझसे इस बारे में बात कर चुके थे।
संबंधित खबरें
* कप्तानी नहीं चाहते द्रविड़