News
Chhattisgarh
Bilaspur Bilaspur बिलासपुर. खनिज विभाग ने अवैध परिवहन करने वालों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। गुरुवार को बिना रायल्टी चूना पत्थर ले जा रहे दो ट्रकों को पकड़ कर कार्रवाई की गई। खनिज विभाग के दस्ते ने आज चकरभाठा और तिफरा क्षेत्र में जांच अभियान चलाया।
इस दौरान चिचिरदा और खमारडीह से चूना पत्थर लेकर आ रहे दो ट्रक पकड़े गए। दोनों ही ट्रक खनिज की रायल्टी जमा किए बिना माल का परिवहन कर रहे थे।
जांच के दौरान दोनों में ही 10-10 टन चूना पत्थर भरा हुआ पाया गया। इनमें से ट्रक क्रमांक सीजी-10, 6824 बिल्हा निवासी विष्णु अग्रवाल की है, जिसकी खमारडीह में चूना पत्थर की खदान है। वह बिना रायल्टी पर्ची कटाए चूना पत्थर ले जा रहा था।
इसी तरह ट्रक क्रमांक सीजी-16, 830485 अनिल कंस्ट्रक्शन कंपनी का बताया जा रहा है। वह चिचिरदा से चूना पत्थर ला रहा था। दोनों ट्रक मालिकों पर 4500-4500 रुपए का जुर्माना किया गया है।
गौरतलब है कि बारिश की वजह से खनिज परिवहन का काम धीमा होने के बाद विभाग भी सुस्त पड़ गया था। इसी बीच खनिज संचालनालय ने पुरानी बकाया वसूली के साथ ही अवैध परिवहन करने वालों के खिलाफ भी मुहिम छेड़ने के निर्देश दिए है, ताकि विभाग के राजस्व में बढ़ोतरी की जा सके।
इसके बाद विभाग ने जिले के खनिज ठेकेदारों और परिवहन करने पर लगातार निगरानी रखने का निर्णय लिया है। इसी माह रायपुर में होने वाली बैठक में भी विभाग को राजस्व बढ़ाने के लिए किए जा रहे उपायों की जानकारी देनी पड़ेगी। इसके मद्देनजर भी अधिकारी सक्रिय हो रहे हैं।