जोधपुर: शहर में केमिकल निर्माता और नर्सिग होम संचालक के मंगलवार से शुरू किए गए आयकर सर्वे में गुरुवार को 70 लाख की अघोषित आय उजागर हुई है। विभाग ने उक्त सरेंडर राशि पर 23 लाख रुपए का आयकर वसूल किया है।
आयकर विभाग के आयुक्त द्वितीय एसडी चारण के निर्देश पर संयुक्त आयुक्त सुनील कुमार सक्सेना की अगुवाई में किए गए आयकर सर्वे में केमिकल डीलर के यहां 55 लाख की अघोषित राशि सरेंडर की गई। इससे आयकर के रूप में करीब 18.5 लाख रुपए वसूल किए गए। इसी प्रकार पाल रोड स्थित र्न्िसग होम में सर्वे के दौरान 15 लाख रुपए की अघोषित राशि सरेंडर की गई। इससे विभाग को 4.5 लाख का आयकर प्राप्त हुआ।
रोहट में नमकीन विक्रेता ने किए 25 लाख सरेंडर: रोहट स्थित एक नमकीन विक्रेता के यहां किए गए सर्वे से 25 लाख रुपए की अघोषित संपत्ति उजागर हुई। विक्रेता ने विभाग को 9 लाख रुपए दिए।
उदयपुर में सर्वे : आयकर विभाग उदयपुर की अन्वेषण शाखा ने बुधवार को मोती चोहट्टा स्थित सोने-चांदी के आभूषणों के एक प्रतिष्ठान में सर्वे की कार्रवाई प्रारंभ की। गुरुवार को भी स्टॉक वेरीफिकेशन व हिसाब किताब की जांच का काम चल रहा था।
आयकर सूत्रों के अनुसार उक्त व्यापारी के ढलमा जेवरात बनाने की फेक्ट्री बताई जा रही है। दो दिन से चल रही कार्रवाई को अधिकारियों ने छोटे स्तर का मामला बताते हुए कहा कि अभी वेरीफीकेशन चल रहा है।