News
Madhya Pradesh
Gwalior Gwalior ग्वालियर. कैप्टन रूप सिंह स्टेडियम पर 15 नवंबर को भारत-पाक के बीच होने वाले दिन और रात के एक दिवसीय मुकाबले के लिए टिकटों का वितरण मैच के सात दिन पहले से प्रारंभ किया जाएगा। यह निर्देश बीसीसीआई पदाधिकारियों ने आयोजन सचिव निर्भय बाकलीवाल को दिये।
श्री बाकलीवाल भारत-पाक वनडे सीरीज की तैयारियों के सिलसिले में बीसीसीआई द्वारा आयोजित बैठक में शिरकत करने गए थे। बीसीसीआई के सीईओ रत्नाकर शेट्टी की उपस्थिति में मुंबई में हुई इस बैठक में उन सभी आयोजन सचिवों को आमंत्रित किया गया था, जहां पर यह एक दिवसीय मुकाबले खेले जाएंगे।
नवंबर माह में हिंदुस्तान की धरती पर भारत-पाक के बीच खेले जाने वाले पांच एक दिवसीय मैचों की श्रंखला की तैयारियों के लिए बीसीसीआई द्वारा विभिन्न मुद्दों पर अलग-अलग सेंटरों के आयोजन सचिव चर्चा कर उन्हें दिशा-निर्देश दिये गये। इसी तारतम्य में बोर्ड के मापदंडों को ध्यान में रखते हुए टिकटों को डिजाइन करने को भी कहा गया।
इसके अलावा टिकट के ऊपर प्रायोजकों का लोगो अंकित करने तथा सीरियल नंबर के साथ-साथ उसके ऊपर होलोग्राम भी चस्पा किया जाने को कहा गया। साथ ही साथ बीसीसीआई पदाधिकारियों ने आयोजन सचिवों को निर्देश दिये कि मैच के सात दिन पूर्व ही टिकट की बिक्री प्रारंभ की जाएगी।
तैयारियों के क्रम में दोनों टीमों के लिए एयरपोर्ट से होटल, होटल से मैदान, व प्रैक्टिस के दौरान पूरी सिक्यूरिटी की व्यवस्था बनाए रखने को कहा गया। इसके अलावा गठित लॉजिस्टिक कमेटी के अंतर्गत दोनों टीमों की होटल बुकिंग, ट्रेवलिंग सुविधा की जानकारी टीम के लोकल मैनेजर को रखने के निर्देश दिये गये।
वहीं मीडिया कमेटी द्वारा मीडिया बाक्स और मीडिया सेंटर की व्यवस्था मैच से दो दिन पूर्व पूरी करने के निर्देश आयोजन सचिव को दिये। क्रिकेट कमेटी की जिम्मेदारी रहेगी कि वह टीम मैनेजमेंट द्वारा निर्धारित प्रोग्राम द्वारा दोनों टीमों को नेट प्रैक्टिस उपलब्ध कराए। एक टीम को दो प्रैक्टिस के लिए विकेट देने के साथ-साथ लोकल गेंदबाज (स्पिनर एवं फास्ट) की भी व्यवस्था करने के निर्देश दिये।