लखनऊ/गोंडा: गोंडा जिले के सरयूघाट स्टेशन के नजदीक कर्नलगंज में सरयू नदी के पुल पर गुरुवार शाम 7:30 बजे ट्रेन की चपेट में आकर 16 कांवड़ियों की मौत हो गई। ट्रेन से बचने के प्रयास में नदी में कूदे सौ से अधिक कांवड़िये लापता बताए गए हैं।
जानकारी के मुताबिक हर वर्ष कजरी तीज पर हजारों श्रद्धालु गोंडा के पृथ्वीनाथ और दुखहरणनाथ शिव मंदिरों में जलाभिषेक करने आते हैं। गुरुवार को लखनऊ-गोंडा पैसेंजर ट्रेन से आए कांवड़ियों ने सरयू पुल पर चेन खींच कर ट्रेन रोक ली। कांवड़िये जल लेने के लिए सरयू नदी की ओर बढ़ ही रहे थे कि वे लखनऊ से गोंडा आ रही इंटर-सिटी की चपेट में आ गए। ट्रेन से बचने के चक्कर में बहुत से लोगों ने नदी में छलांग लगा दी। देर रात तक रेलवे ट्रैक और नदी से 16 शव निकाले जा चुके थे। डूबे लोगों की तलाश के लिए गोताखोर लगाए गए हैं।
घटना से भडके कांवड़ियों और आसपास के गांवों के लोगों ने शाहबाजपुर स्टेशन क्रासिंग, केबिन और फायर ब्रिगेड की एक गाड़ी फूंक दी। इस बीच लखनऊ की घटनास्थल के लिए एक राहत ट्रेन रवाना की गई है।