भोपाल. बिजली सुधार और ई-गवर्नेस के क्षेत्र में छठवें इंडिया टेक एक्सीलेंस अवार्ड के लिए श्रेष्ठ तीन में मध्यप्रदेश का चयन कर लिया गया है। सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश जस्टिस एएम अहमदी की अध्यक्षता वाली ज्यूरी द्वारा 21-22 सितंबर को इस अवार्ड विजेता को चुना जाएगा। यह ज्यूरी श्रेष्ठ तीन राज्यों का प्रजेंटेशन देखेगी।
इंडिया टेक फाउंडेशन की अध्यक्ष इंदिरा मोहन और इंडिया टेक एक्सीलेंस अवार्ड की ज्यूरी के संरक्षक वी.राजगोपाल (महाराष्ट्र के पूर्व मुख्य सचिव) ने मप्र के मुख्य सचिव राकेश साहनी को ऊर्जा सुधारों और प्रशासन में आईटी के प्रयोग की दिशा में किए गए काम के लिए बधाई देते हुए जानकारी दी कि मप्र पावर ट्रांसमिशन कंपनी को ‘पावर इंडिया एक्सीलेंस अवार्ड 2007’ के लिए श्रेष्ठ तीन में चुना गया है।
इसके अलावा इंदौर के कमिश्नर कार्यालय, जबलपुर और सागर जिलों में प्रशासन में ई-गवर्न्ेस लागू करने तथा समाधान जनसुविधा केंद्र और चाइल्ड रिकार्ड इंफार्मेशन सेंटर के कार्य के लिए टेलीकाम इंडिया एक्सीलेंस अवार्ड 2007 में श्रेष्ठ तीन में चुने जाने की सूचना भी दी गई है।
इनमें से श्रेष्ठ को अवार्ड 11-12 अक्टूबर को मुंबई में आयोजित सम्मान समारोह में पुरस्कार दिया जाएगा। इस समारोह में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री विलासराव देशमुख ने बतौर मुख्य अतिथि राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल को आमंत्रित किया है।
ज्यूरी में कौन-कौन हैं
महाराष्ट्र के पूर्व मुख्य सचिव वी.राजगोपाल संरक्षक, सुप्रीम कोर्ट के पूर्व मुख्य न्यायधीश जस्टिस एएम अहमदी, योजना आयोग के पूर्व सदस्य डॉ. एमआर श्रीनिवासन, केंद्रीय विद्युत नियामक आयोग के पूर्व अध्यक्ष श्री बासु, पूर्व टेलीकाम सचिव श्यामल घोष, आईडीबीआई के पूर्व सीमएडी पीपी वोरा, आईसीआरए के पूर्व उपाध्यक्ष एवं ग्रुप सीईओ पीके चौधरी।