News
Indians Abroad Indians Abroad 
वॉशिंग्टन. भारतीय और अमेरिकी अचीवर पुरस्कार से जिन शख्सियतों को नवाजा गया है उनमें इंफोसिस प्रमुख एनआर नारायणमूर्ति, माइक्रोसॉफ्ट प्रमुख बिल गेट्स, संगीताकर एआर रहमान, हॉलीवुड अभिनेता रिचर्ड गियर और स्व. धीरूभाई अंबानी शामिल हैं।
मूर्ति और गेट्स को नए विचारों, विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में सम्मानित किया गया। रहमान और गियर को कला, मनोरंजन और मीडिया श्रेणी में सम्मानित किया गया। इसी के साथ डेटा ग्रुप ऑफ इंडिया एंड न्यूयॉर्क लाइफ एश्योरेंस की तरफ से अंतरराष्ट्रीय कंपनियां विकसित करने के लिए द गांधी लाइफटाइम एचीवमेंट सम्मान अंबानी और गेट्स को प्रदान किया गया।
भारत की आजादी की 60वीं सालगिरह के जश्न के बतौर सिनेमाया मीडिया समूह ने जॉन एफ कैनेडी सेंटर में यह सम्मान प्रदान किए। विजेताओं में से रहमान ही कार्यक्रम में मौजूद रहे और उन्होंने भारत के राष्ट्रगान की प्रस्तुति भी दी। कार्यक्रम के दौरान भारत की राष्ट्रपति प्रतिभा पाटील और अमेरिकी राष्ट्रपति जॉर्ज बुश के संदेश भी पढ़े गए।
यूएसए में भारत के राजदूत रोनेन सेन ने इस मौके पर कहा कि यह उन भारतीयों और अमेरिकियों की उपलब्धियों को सम्मानित किए जाने का जश्न है जिन्होंने अपने क्षेत्रों में बेहतरीन काम किया है साथ ही भारत और अमेरिकी रिश्तों को भी मजबूत किया है। इस कार्यक्रम में बालमुरली कृष्ण, पं. शिवकुमार शर्मा, पं. बिरजू महाराज और पं. अजोय चक्रवर्ती जैसे भारतीय कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति से चार चांद लगाए। कार्यक्रम का संचालन बॉलीवुड अभिनेता कुणाल केमू ने किया।