हिसार.
मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने गुरुवार को हुई बारिश को फसलों के लिए लाभकारी बताते हुए कहा कि इससे किसानों को राहत मिलेगी। दरअसल, कार्यक्रम में अपने भाषण के दौरान मुख्यमंत्री ने बताया कि गुरुवार सुबह हुई तेज बरसात से कुलपति डॉ. आरपी बाजपेयी काफी चिंतित नजर आ रहे थे, लेकिन उन्हें अपने बराबर में बैठे हकृवि के कुलपति डॉ. जेसी कत्याल से पूछना चाहिए की इस बरसात से वे कितने खुश हैं।
इस पर सभागार ठहाकों से गूंज गया। सीएम ने कहा कि वे खुद भी इस बरसात से खुश हैं, क्योंकि इस क्षेत्र को बरसात की सख्त जरूरत थी। यह बारिश फसलों के लिए अच्छी है।
बरसात से हुआ कार्यक्रम प्रभावित
मुख्यमंत्री हुड्डा का गुरु जंभेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम बरसात के कारण काफी प्रभावित रहा। गुरुवार को तड़के व सुबह 11 बजे हुई तेज बरसात के कारण मुख्यमंत्री का कार्यक्रम निर्धारित प्रोग्राम के हिसाब से नवनिर्मित टीचिंग ब्लॉक 7 के सामने मैदान में लगे टेंट में नहीं हो सका। बरसात को देखते हुए कार्यक्रम टीचिंग ब्लॉक 4 के सभागार में आयोजित किया गया। वर्षा के कारण आयोजकों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी।
नहीं आ सके समर्थक
बरसात के कारण टेंट में समारोह रद्द करने के बाद टीचिंग ब्लॉक 4 के सभागार में समारोह आयोजित करने के कारण मुख्यमंत्री के समर्थक कार्यक्रम में हिस्सा नहीं ले सके। सभागार विवि के अधिकारियों, शिक्षकों, प्रशासनिक अधिकारियों व मीडिया के लोगों से ही भर गया। इस कारण पुलिस ने सीएम के किसी भी राजनीतिक समर्थक को सभागार में नहीं आने दिया।
चौटाला ने किया था शिलान्यास
शक्षणिक खंड 7 का शिलान्यास पत्थर 3 साल पहले तत्कालीन मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला ने रखा था। अब इसका निर्माण पूरा हो जाने पर इसका विधिवत उद्घाटन कांग्रेस के मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने किया है।
कांग्रेस के झंडे के आगे कोई झंडा नहीं टिक पाएगा
मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने पूर्व मुख्यमंत्री भजनलाल गुट की रोहतक में प्रस्तावित रैली पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा है कि कांग्रेसी झंडे के आगे कोई झंडा नहीं टिक पाएगा। मुख्यमंत्री गुरुवार को यहां पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस के झंडे की लहर चल रही है। उन्होंने यह प्रतिक्रिया पीले झंडे की रैली के सवाल पर की।
गोहाना में सरकार के काफी प्रयासों के बाद भी लोगों का सरकार व प्रशासन पर विश्वास बहाल नहीं होने के बारे में पूछने पर उन्होंने कहा कि विश्वास बहाल हो गया है। इस दौरान सुशीला शर्मा, राजहसीना, रामअवतार नलवा, मुकेश सैनी, कृष्ण सिंगला एवं नीटू हुड्डा आदि स्थानीय नेता भी उपस्थित थे।