News
Chhattisgarh
Bilaspur Bilaspur जांजगीर.
सुहागिन महिलाओं का प्रमुख त्योहार तीजा १४ सितंबर व गणोश चतुर्थी १५ सितंबर को है। त्योहार के मद्देनजर इन दिनों शहर की दुकानों में भीड़ लग रही है। शाम होते ही सड़क पर चहल-पहल बढ़ने लगती है। श्रंगार सदन, जनरल स्टोर्स व क्लाथ स्टोर्स में महिलाएं साड़ियां, चूड़ी, कंगन व मेहंदी सहित सुहाग का सामान खरीद रही हैं। तीजा के लिए दुकानदारों ने भी विशेष तैयारियां की हैं।
कपड़े की दुकानों पर साड़ियां का नया स्टाक आया है, वहीं जनरल स्टोर्स में नए-नए डिजाइन की चूड़ियों की भरमार है। लक्की जनरल स्टोर्स के संचालक धीरेन्द्र सिंह ने बताया कि चूड़ी, मेंहदी सहित सुहाग के सामान की बिक्री सप्ताह भर से शुरू हो गई है। शाम होते ही महिलाएं खरीददारी करने दुकान पहुंचती हैं।
उन्होंने बताया कि कांच व मेटल की कई डिजाइन की चूड़ियां मंगाई गई हैं। नूरजहां, अब्बास और प्रेम दुल्हन मेंहदी की खासी मांग है।
मूर्तियों की हो रही बुकिंग
तीजा के अगले दिन प्रथम पूजित गजानन विराजेंगे। इसके लिए मूर्तिकारों के पंडाल में लोग मूर्तियां एडवांस बुकिंग कराने पहुंच रहे हैं। मूर्तिकार शंकर पाल ने बताया कि उन्होंने ४0 बड़ी मूर्तियां बनाई थी इनमें से १५ की एडवास बुकिंग हो चुकी है। कुछ लोग मूर्तियां खरीदकर अपने साथ ले भी गए हैं। ३ हजार रुपए की सबसे बड़ी मूर्ति भी बुक हो चुकी है।
वहीं मूर्तिकार अनिल पाल ने बताया कि उन्होंने ७0 बड़ी मूर्तियां बनाई हैं। इनमें से अधिकांश पूरी तरह तैयार हो चुकी हैं, वहीं कुछ मूर्तियों के डेकोरेशन का कुछ काम बचा है। मूर्तियों की एडवांस बुकिंग हो गई है। बाकी मूर्तियां १५ सितंबर तक बिक जाने की उम्मीद है।
इधर जनरल स्टोर्स में झालर, लैंप कवर पेपर, तोरण सहित अन्य सजावट के सामानों की बिक्री शुरू हो गई है। बाजार की रौनक देखकर ही त्योहार के उत्साह का अहसास होने लगा है।