|
नई दिल्ली/भोपाल.
इंडिया टुडे पत्रिका द्वारा कराए गए एक सर्वेक्षण के आधार पर मध्य प्रदेश को अधोसंरचना तथा कृषि के क्षेत्र में मोस्ट इम्प्रूव्ड राज्य का पुरस्कार मिला है। पिछले वर्ष की ओवर ऑल रैंकिंग में मध्य प्रदेश एक पायदान ऊपर चढ़कर १४ वें से १३ वें स्थान पर आ गया है।
उपराष्ट्रपति मोहम्मद हामिद अंसारी ने शुक्रवार को दिल्ली में पांचवीं इंडिया टुडे स्टेट ऑफ द स्टेट्स कॅानक्लेव २00७ में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को यह पुरस्कार प्रदान किया। सर्वे में कानून व्यवस्था के मामले में सात पश्चिमी राज्यों में मध्य प्रदेश की स्थिति को सर्वश्रेष्ठ माना गया है।
सर्वेक्षण में मोस्ट इम्प्रूव्ड राज्य उस राज्य को माना गया है, जहां २00३ से 0७ के बीच कुल कामकाज में सुधार की दर १९९१ से २00३ की बीच दर से ज्यादा रही। शुक्रवार देर रात भोपाल पहुंचे मुख्यमंत्री ने विमानतल पर पत्रकारों से कहा कि प्रदेश बीमारू राज्य से विकासशील राज्य बन गया है।
उन्होंने कहा कि इसे विकसित प्रदेश बनाना भाजपा सरकार की मंजिल है। उन्होंने कहा कि हम बिजली, पानी और सड़क के मुद्दे पर सरकार में आए थे और इस क्षेत्र में हमने काम करके दिखाया है। हम तेज गति से काम कर रहे हैं, यह हम नहीं कहते जमाना कह रहा है।
श्री चौहान ने कहा कि विकास आम आदमी तक न पहुंचे तो अधूरा माना जाएगा। इसलिए हम समाज के हर वर्ग के लिए योजना बनाकर लागू भी कर रहे हैं। उन्होंने ने साक्षरता, सिंचाई से लेकर महिला कल्याण की योजनाओं तक में प्रदेश के उल्लेखनीय कार्र्यो का जिक्र भी किया।
भोपाल-इंदौर फोर लेन सड़क निर्माण अक्टूबर से-मध्यप्रदेश को पुरस्कार मिलने से उत्साहित मुख्यमंत्री ने देर शाम नई दिल्ली में पत्रकारों से कहा कि इंदौर - भोपाल फोर लेन सड़क निर्माण का कार्य अक्टूबर से शुरूहो जाएगा और अगले १८ महीने में यह बनकर तैयार हो जाएगी। वैसे ही रतलाम-इंदौर सड़क निर्माण का कार्य भी जल्द ही शुरूहोगा।