|
News
Madhya Pradesh
Gwalior Gwalior ग्वालियर.
एक 22 वर्षीय लड़की ने शुक्रवार की सुबह पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के होश फाख्ता ही कर दिए। यह लड़की आनंद नगर स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गई और आत्महत्या करने की धमकी देने लगी।
इसका कहना था कि उसे एमबीए करना है, इसलिए कोई उसे आगे पढ़ाने की हामी भरे, दूसरा यह कि वह जिस स्कूल में पढ़ाती है उसका प्राचार्य परेशान करता है, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाए।
पुलिस के अनुसार शुक्रवार की सुबह साढ़े दस बजे पता चला था कि एक युवती आनंद नगर स्थित ओवरहेड टैंक पर चढ़ गई है और आत्महत्या करने की धमकी दे रही है। इस सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवती से बातचीत शुरू कर दी। प्रारंभिक बातचीत में युवती ओवरहेड टैंक से उतरने के लिए कतई तैयार नहीं थी।
मौके पर पहुंचे पुलिस अफसरों और आनंद नगर के रहवासियों ने ओवर हैड टैंक पर चढ़ी युवती से पूछा आखिर ऐसा क्या किया जाए जिससे वह आत्महत्या का इरादा त्यागकर नीचे उतर आए।
कुछ देर की मान-मनौव्वल के बाद युवती ने नीचे उतरने के लिए दो शर्ते पुलिस को बताईं। इसका कहना था कि वह पोस्ट ग्रेजुएट है और अभी आगे भी पढ़ना चाहती है। उसे, उसके घरवाले एमबीए करवाएं तो वह टैंक से नीचे उतर सकती है, दूसरा यह कि वह जिस निजी स्कूल में पढ़ाती है उसका प्राचार्य उसे परेशान करता है उससे भी निजात दिलाई जाए। पुलिसकर्मियों ने उसकी मांगें माने जाने का आश्वासन दिया इसके बाद ही वह ओवर हैड टैंक से नीचे उतरने को तैयार हुई।
युवती के ओवरहैड टैंक से नीचे उतरने के बाद पुलिस ने इसके यहां तक पहुंचने की कहानी सुनी तो पता चला कि रितु नामक वह युवती उपनगर ग्वालियर की रहने वाली है। उसने पोस्ट ग्रेजुएशन फस्र्ट क्लास में किया है और इसके बाद आगे पढ़ने की उसकी चाह है। इसकी दो और बहनें हैं वे भी पढ़ रहीं हैं।
रितु गुरुवार को आनंद नगर में रहने वाले अपने दादा-दादी के यहां जाने की कहकर निकली थी, इसके बाद लापता हो गई। इसकी गुमशुदगी की सूचना ग्वालियर थाना पुलिस को भी दी गई थी। सीएसपी ग्वालियर रायसिंह नरवरिया के मुताबिक युवती की मानसिक स्थिति कुछ दिनों से ठीक नहीं थी, ऐसा उसके घरवाले बताते हैं और संभवत: इसी कारण वह ओवर हैड टैंक पर चढ़ गई होगी।