|
जोधपुर. गणपति भक्त गणेश चतुर्थी पर चिकनी मिट्टी से बनी ऐसी मूर्तियां ही स्थापित कर सकेंगे, जिन पर ऑयल पेंट, तेज व घातक केमिकल रंगों का प्रयोग
नहीं किया गया हो। जिला प्रशासन व पुलिस हाईकोर्ट के आदेश की पालना में गत वर्ष की तरह इस वर्ष भी जिले में गणेश प्रतिमाओं के लिए 75 संगठनों एवं संस्थाओं को ही लाइसेंस देगी।
शनिवार से शुरू होने वाले दस दिवसीय गणपति महोत्सव में शहर के विभिन्न चौराहों व प्रमुख क्षेत्रों में गणपति बपा मोरिया . का उद्घोष सुनाई देगा। गणेश प्रतिमाएं स्थापित करने के लिए इस बार भी कई संगठनों ने उत्साह दिखाया है, लेकिन जिला प्रशासन व पुलिस ने गत वर्ष से अधिक गणेश प्रतिमाओं को स्थापित करने के लिए लाइसेंस नहीं देने का फै सला किया है।
कहां कितनी प्रतिमाएं लग सकेंगी
मंडोर 1, उदयमंदिर 2, महामंदिर 2, सदर बाजार 5, सदर कोतवाली 7, खांडा फलसा 7, सरदारपुरा 5 , शास्त्रीनगर 2 , प्रतापनगर 3 तथा चौहाबो में 3 प्रतिमाएं अधिकृत रूप से स्थापित करने के लिए लाइसेंस दिए जा सकेंगे। ग्रामीण क्षेत्र में पीपाड़ में सबसे अधिक 21, बिलाड़ा व फलौदी में 2-2 तथा भोपालगढ़, आसोप, तिंवरी, मथानिया में 1-1 प्रतिमा स्थापित की जा सकेंगी ।
क्यों हुई सख्ती
पूनमचंद सोलंकी की रिट याचिका पर हाईकोर्ट ने विस्तृत दिशा-निर्देश दिए थे। इस रिट याचिका में घातक रंगों एवं रसायनों से बनी लंबी चौड़ी गणेश प्रतिमाएं यहां के पेयजल स्रोतों में विसर्जित करने से निकट भविष्य में घातक नतीजे सामने आने की आशंका जताई गई थी। राज्य सरकार और जिला प्रशासन को इसके लिए पाबंद किया गया था।
तत्कालीन जिला मजिस्ट्रेट एवं कलेक्टर ने 24 सितंबर 2003 को आदेश जारी कर जोधपुर शहर में 56 से अधिक गणेश प्रतिमाओं के लाइसेंस जारी नहीं करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही सभी गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन गुलाबसागर में ही करने, अधिकतम 1 मीटर ऊंची चिकनी मिट्टी वाली गणेश प्रतिमा, जिस पर ऑयल व घातक रसायन वाले रंगों का उपयोग नहीं किया गया हो, को ही विसर्जित करने की ही इजाजत देने के निर्देश दिए गए थे।
* जिला प्रशासन और पुलिस राजस्थान हाईकोर्ट की ओर से पूर्व में जारी दिशा निर्देशों की अनुपालना करवाएगा। हाईकोर्ट की ओर से निर्धारित संख्या से अधिक लाइसेंस नहीं दिए जा सकेंगे।
—नरेशपाल गंगवार, जिला कलेक्टर
* इस वर्ष भी गत वर्ष से अधिक लाइसेंस देना संभव नहीं है। गत वर्ष शहर में 40 गणेश प्रतिमाएं लगाने के लाइसेंस दिए थे। इस बार भी उतने ही लाइसेंस दिए जाएंगे।
—सवाईसिंह गोदारा अपर पुलिस अधीक्षक, शहर